ग्वालियर नई कलेक्टर गाइड लाइन 2021-22 के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। आइजी पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक की ओर से भी कलेक्टरों को पत्र जारी कर दिए गए हैं, जिसमें नई कलेक्टर गाइड लाइन के निर्धारण का शेडयूल जारी किया गया है। हर साल की तरह मप्र बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्वांतों का बनाया जाना और उनका पुनरीक्षण नियम 2018 के तहत अचल संपत्ति के बाजार मूल्य निर्धारित किए जाएंगे। ई-पंजीयन परियोजना के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 की गाइड लाइन संपदा सॉफ्टवेयर से ही तैयार की जाएगी।
आइजी पंजीयन से जारी निर्देशों के अनुसार उप पंजीयक स्तर पर वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तावित दरों की डाटा एंट्री संपदा में 15 दिसंबर तक ऑनइलाइन दर्ज की जाएगी। उप पंजीयक द्वारा उप जिला मूल्यांकन समिति का अनुमोदन प्राप्त कर उप जिले की गाइड लाइन के प्रस्ताव जिला मूल्यांकन समिति को 31 दिसंबर तक भेजे जाएंगे। जिला पंजीयक द्वारा पूरे जिले की प्रस्तावित गाइड लाइन जिला मूल्यांकन समिति से अनुमोदन प्राप्त कर प्रारंभिक प्रकाशन 15 जनवरी तक किया जाएगा। जिला पंजीयकों द्वारा आम जनता से सुझाव एक फरवरी 2021 तक ले लिए जाएंगे। समिति के अनुमोदन के बाद गाइड लाइन को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के लिए 28 फरवरी तक भेजना होगा। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के बाद गाइड लाइन वर्ष 2021-22 का संपदा के तहत अंतिम प्रकाशन 31 मार्च 2021 तक करना होगा।

0 टिप्पणियाँ