Music

BRACKING

Loading...

कांग्रेस के 136 वें स्थापना दिवस पर जिन्हें फहराना था झंडा, वे ही चले गए भोपाल

 


 इंदौर,  सोमवार को कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर भी संगठन की कमी नजर आई। शहर कांग्रेस ने परंपरानुसार गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में मुख्य समारोह और झंडा फहराने का आयोजन किया था। हाल ये रहा कि जिन्हें झंडा फहराना था वे खुद ही ही कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे।

शहर कांग्रेस अध्य्क्ष विनय बाकलीवाल ने कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह पर गांधी भवन में आयोजन के लिए सूचना जारी की थी।

संगठन के सभी पदाधिकारियों को निर्देश भी दिया गया था कि समारोह में अनिवार्य रूप से मौजूद रहे। कांग्रेस में परंपरा रही है कि हर बार स्थापना दिवस पर झंडा सेवादल के शहर अध्यक्ष फहराते हैं। हालांकि सेवादल के सभी प्रमुख पदाधिकारी ही गांधी भवन नहीं पहुंचे। मौके पर शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने व्यवस्था देख रहे शहर कांग्रेस प्रवक्ता भंवर शर्मा और इम्तियाज बेलिम के सामने नाराजगी भी जताई। कार्यक्रम स्थल से जब शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सेवादल के अध्यक्ष मुकेश यादव को फोन लगाया तो पता चला कि वे खुद स्थापना दिवस के लिए प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भोपाल पहुंच गए हैं। इस बीच मौके पर मौजूद सेवादल के कार्यकर्ता गिरीश चितले से झंडा फहराकर परंपरा निभाई गई।

खास बात यह थी कि गांधी भवन में न तो महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शशि यादव पहुंची और न ही युवक कांग्रेस के नवनियुक्त शहर अध्यक्ष रमीज खान व अन्य पदाधिकारी पहुंचे। छात्र इकाई एनएसयूआइ की ओर से भी कोई भी पदाधिकारी गांधी भवन नहीं पहुंचा। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सदाशिव यादव भी स्थापना दिवस समारोह से नदारद रहे। हालांकि करीब सौ कार्यकर्ता समारोह में मौजूद रहें। इसमें प्रमुख तौर पर वे लोग थे जो आने वाले नगर निगम चुनाव में टिकट के दावेदार के तौर पर लाइन में लगे हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ