Music

BRACKING

Loading...

मजदूर ने मेहनताना मांगा तो कंप्रेशर से शरीर में भर दी हवा, 47 दिन तड़पने के बाद मौत


 शिवपुरी । क्रेशर पर काम करने के वाले गाजीगढ़ के एक मजदूर को मेहनताना मांगने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। क्रेशर संचालक ने मजदूर को मौत भी बड़ी दर्दनाक दी। मजदूर के गुप्तांग में कंप्रेशर पंप से हवा भर दी। इससे उनका गुप्तांग का अंदरूनी अंग फट गया। घटना पोहरी तहसील के गोवर्धन थाना क्षेत्र के गाजीगढ़ गांव की है। गाजीगढ़ गांव का परमानंद धाकड़ धौरिया गांव में तोमर बिल्डर्स के गिट्‌टी क्रेशर पर काम करता है। 8 नवंबर की सुबह 9 बजे परमानंद का क्रेशर इंचार्ज से मेहनताना मांगने की बात पर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि क्रेशर इंचार्ज राजेश ने देवेंद्र, रवि, पिंटू और पप्पू खान से मजदूर परमानंद को पकड़वाया और फिर कंप्रेशर मशीन की लेजम उसके गुप्तांग में लगा दी। इसके प्रेशर से उसके अंदरुनी अंग फट गए। परमानंद का ग्वालियर और जयपुर में भी इलाज कराया गया। इसके बाद उसे शिवपुरी जिला अस्पताल में लाया गया। यहां पर शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

आरोपित ही लेकर पहुंचे अस्पताल

घटना के बाद जब परमानंद की हालत बिगड़ने लगी तो आरोपित ही उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वे उसे ग्वालियर लेकर गए और परमानंद के घरवालों तक को इसकी सूचना नहीं दी। यहां उन्हें लगा कि परमानंद की हालत गंभीर है और जब उसके घरवाले आए तो पेट में गैस होने की बात कहकर वहां से भाग गए। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौते को लेकर भी बात चल रही थी।

पुलिस ने नहीं की कायमी, मर्ग पर कर ही जांच

इस पूरी घटना की जानकारी गोवर्धन पुलिस के पास थी। मृतक परमानंद के स्वजनों ने पुलिस थाने में इसका आवेदन भी दिया था, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने इसमें मामला दर्ज करना जरूरी नहीं समझा। अब जब परमानंद की मौत हो गई तो भी गोवर्धन थाने में अभी तक इस पर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, बल्कि अभी भी पुलिस इंतजार कर रही है कि मृतक के घरवाले आएं और रिपोर्ट लिखवाएं। इसके बाद ही हम कार्रवाई करें। मृतक के स्वजनों ने जिला अस्पताल में मौत होने के बाद कोतवाली में मर्ग कायम करा लिया है। पोहरी एसडीओपी निरंजन राजपूत का कहना है कि इस मामले में मृतक के स्वजनों को कई बार थाने बुलाया था, लेकिन वे यह कहकर नहीं आए कि हमारा समझौता चल रहा है। अभी भी उनसे बात की गई है कि थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराएं। सभी आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ