Music

BRACKING

Loading...

क्रिसमस की पूर्वसंध्‍या पर गिरजाघरों में आज शाम 6:30 से शुरू होंगे कार्यक्रम, कल सिर्फ सुबह होगी प्रार्थना



भोपाल  कोरोना के कारण इस साल क्रिसमस की पूर्वसंध्या पर आज शाम 6:30 बजे से शहर की कैथोलिक व प्रोस्टेटैंट ईसाई समाज के चर्चों में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे, जो रात 9:30 बजे तक चलेंगे। पहले चर्चों में केरॉल सिंगिंग होगी। इसके बाद प्रभु यीशु का आगमन किया जाएगा। प्रार्थना होगी। फिर केक काटकर लोग एक-दूसरे को हैप्पी क्रिसमस बोलेंगे। कोरोना के कारण लोग इस बार एक-दूसरे के गले मिलकर क्रिसमस की बधाई नहीं देंगे। दूर से ही हैप्पी क्रिसमस कहेंगे। ईसाई धर्मगुरुओं ने लोगों से कोरोना का बचाव करते हुए क्रिसमस पर्व मनाने की अपील की है।

जहांगीराबाद में स्थित शहर के सबसे पुराने सेंट फ्रांसिस चर्च में क्रिसमस की पूर्वसंध्या पर गुरुवार को शाम 6:30 बजे केरॉल सिंगिंग शुरू होगी। क्रिसमस के गीत के बाद शाम सात बजे से प्रभु यीशु की प्रार्थना होगी। रात साढ़े नौ बजे तक क्रिसमस के कार्यक्रम समाप्त हो जाएंगे। कार्यक्रम में आर्च बिशप डॉ लियो कार्नेलियो सहित ईसाई समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। चर्च के फादर दिलीप मिंज ने बताया कि शुक्रवार को सिर्फ सुबह 8:30 बजे प्रार्थना होगी।

इन गिरजाघरों में भी साढ़े नौ बजे के बाद खत्म हो जाएंगे कार्यक्रम

कैथोलिक ईसाई समाज के संत हिरदाराम नगर, कोलार, ईदगाह हिल्स, भेल बरखेड़ा सहित सभी चर्चों में क्रिसमस पर्व पर प्रभु यीशु के आगमन के लिए हट्स बनाई गई हैं। क्रिसमस ट्री सजाए गए हैं। वहीं प्रोटेस्टैंट ईसाई समाज के जहांगीराबाद बरखेड़ी, गोविंदपुरा, कोलार में स्थित चर्च की विद्युत साज-सज्जा की गई है। गुरुवार शाम सात बजे से क्रिसमस की पूर्वसंध्या पर कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाकर व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने पर ही चर्च में प्रवेश दिया जाएगा। चर्चों में मास्क का भी इंतजाम किया गया है। प्रार्थना के लिए बेंच पर छह की जगह तीन लोग ही बैठेंगे, जिससे सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ