बदरवास।
बदरवास में एक बार फिर से चोर, लुटेरों की धमचक शुरू हो गई है। बीते रोज जैन कॉलोनी में रहने वाले जैकेट कारोबारी के यहां एक दर्जन से भी अधिक लुटेरे डकैती डालने पहुंचे, लेकिन पुलिस के रात्रि गश्त मौके पर पहुंच गया जिन्हें देखकर बदमाश गुलेल से हमला कर वहां से भाग गए। वहीं बदमाशों की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जैन कॉलोनी में मनोज अग्रवाल का मकान है जिसमें उनका जैकेट कारखाना भी संचालित है। आधी रात को अज्ञात नकाबपोश बदमाश जैन कॉलोनी में पहुंचे और घर में प्रवेश करने की जुगत करते देखे गए। यहां लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। इसके बार मकान के रिजौदी वाले रास्ते वाले गेट की तरफ पहुंचे। यहां लगा सीसीटीवी का रुख आसपास की तरफ कर दिया। कहीं से चेरी बल्ली उठाकर घर में प्रवेश करना चाहा, लेकिन नाकाम रहे।
एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस थाने का गश्ती दल आ पहुंचा और बदमाशों ने गुलेल से हमला कर दिया। जिसमें होमगार्ड सैनिक मनीष परिहार, अंकेश और सिपाही महेश पटेलिया घायल हो गए। फोन पर सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश उपाध्यक्ष भी अन्य दल बल के साथ पहुंच गए, लेकिन बदमाश खेतों से होकर भाग निकले। इस मामले में एसडीओपी कोलारस अमरनाथ वर्मा ने कहा कि बदमाशों की पहचान के लिए छानबीन करा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ