पिता बोले:पेट्रोल के 15 रुपए नहीं देने पर बेटे की हत्या की, पोहरी पुलिस ने केस दुर्घटना में बदला
19 मार्च से लापता युवक की मचा पुल के नीचे 21 मार्च की सुबह बाइक समेत लाश मिली थी
दो दिन से लापता युवक की पोहरी में मचा पुल के नीचे 21 मार्च को मिली लाश के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद शनिवार को परिजनों के सिरसौद थाना पुलिस ने बयान दर्ज किए हैं। मृतक नीरज परिहार के पिता सिरदार परिहार का कहना है कि पेट्रोल के 15 रु. नहीं देने पर बेटे की हत्या की गई है। जबकि पोहरी पुलिस ने इसे दुर्घटना में बदल दिया है। एसपी ने मामले में एसडीओपी से जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सिरदार परिहार निवासी कपराना ने कहाना है कि 19 मार्च को बेटा नीरज परिहार अपने दोस्त अखेसिंह परिहार के संग शिवपुरी गया था। शिवपुरी से काम निपटाकर दोनों घर आ रहे थे। रास्ते में बीलारा रोड पर आटा मिल के पास परचून की दुकान पर बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। नीरज व अखेसिंह ने उक्त दुकान पर बैठी महिला व पुरुष से पेट्रोल मांगा तो उन्होंने आधा लीटर पेट्रोल बाइक में डाल दिया और 75 रु. मांगे। बेटे ने कहा कि पेट्रोल गांव में 120 रु. लीटर मिलता है, तुम 60 रु. ले लो। इसी बात पर दोनों महिला-पुरुष ने बेटे नीरज व अखेसिंह से झगड़ा किया।
बाद में फोन करके तीन लोग और बुला लिए। सब लोगों ने मिलकर नीरज व अखेसिंह की मारपीट कर दी। अखेसिंह मौके पर बेहोश हो गया। बाद में मेरे बेटे नीरज का अपहरण कर ले गए और लाश को परिच्छा से आगे मचा पर फेंक दिया। लाश 21 मार्च को बरामद हुई। पुलिस वालों ने बुलाकर लाश की सूचना दी।
मृतक के पिता सिरदार ने बताया कि 19 मार्च की रात 10 बजे मोबाइल नंबर 9109074477 से हमारे पड़ोसी मनीष शिवहरे के फोन पर कॉल करके धमकी दी थी कि यदि बेटे को बचाना है तो दो हजार रु लेकर आ जाओ, नहीं तो लड़के को मार देंगे। वह अभी हमारे फार्म पर है। और जिस पुल के नीचे लाश मिली है वहां हम 20 मार्च को ढूंढ आए थे।
जांच करा रहे हैं
^परिजन जिन लोगों पर आरोप लगा रहे हैं, उस महिला से हमने पूछताछ की है। दरअसल शराब के नशे में पहले से गिर गए थे और पैर मे चोट लगी थी। हालांकि परिजनों की शिकायत पर हम मामले की जांच करा रहे हैं।
तिमेश छारी, टीआई, थाना पोहरी
0 टिप्पणियाँ