जिले के जैतसर क्षेत्र में नशीली दवाएं रखने के एक आरोपी की गिरफ्तारी करने गए पुलिस दल पर शनिवार को आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया। इससे दो पुलिस कर्मियों को चोटें आई और पुलिस दल को मौके से वापस लौटना पड़ा। आरोपी के परिजन उसे छुड़ा ले जाने में कामयाब हो गए।
जैतसर क्षेत्र के गांव बारह किशनांवाली में नशे की दवाएं रखने के आरोपी नजर मोहम्मद को गिरफ्तार करने के मुकलावा पुलिस का दल गांव में गया था। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस जीप तक ले जाने के दौरान आरोपी के भाई मोहम्मद युसूफ उसकी पत्नी रुक्साना और आरोपी नजर मोहम्मद की पत्नी अल्लाज बाई ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस दल हड़बड़ा गया। हमले में कांस्टेबल महेंद्र कुमार और रामदयाल के सिर में चोटें आईं।
दल में शामिल थानाधिकारी जयसिंह, कांस्टेबल कालूराम और योगराज घायल पुलिस कर्मी महेंद्र कुमार और रामदयाल को लेकर मौके से निकल गए। इस संबंध में कांस्टेबल रामदयाल ने मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच एसआई गोपालसिंह कर रहे हैं।
पहले भी हो चुका है पुलिस पर हमला
इस इलाके के गांव तेरह एसडी में पहले भी पुलिस दल पर हमला हो चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो साल पूर्व एक आपसी विवाद के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने गए पुलिस दल में शामिल एएसआई कालूराम पर भी हमला कर दिया गया था। इस हमले में कालूराम घायल हो गए थे।

0 टिप्पणियाँ