उदयपुर में शाम 6 बजे से शुरू होने वाले नाइट कर्फ्यू को लेकर सियासत शुरू हो गई है। शहर के व्यापारियों के बाद अब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी नाइट कर्फ्यू के समय को लेकर गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को कटारिया ने जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय में फोन लगा दिया। यहां सीएम गहलोत के निजी सचिव कुलदीप राका से उन्होंने फोन पर बात की। उनसे कहा कि 'मैं उदयपुर से हूं, क्या इसलिए शहर के साथ भेदभाव किया जा रहा है'।
राका साहब, मेरी मुख्यमंत्री से बात कराएं...
कटारिया ने कहा कि राजस्थान के सभी जिलों में कोरोना बढ़ रहा है। लेकिन सिर्फ उदयपुर में ही नाइट कर्फ्यू के समय को 6 बजे किया गया है। जबकि प्रदेश के अन्य शहरों में यह रात 8 बजे से है। यह बात पूरी तरह से गलत है। कटारिया ने कहा- राका साहब मेरी मुख्यमंत्री से बात कराएं...। ताकि मैं उन्हें उदयपुर के व्यापारियों की पीड़ा समझा सकूं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार द्वारा समय रहते नाइट कर्फ्यू के समय में फिर से परिवर्तन नहीं किया गया तो वे खुद सड़क पर बैठकर इसका विरोध करेंगे।
व्यापारियों ने भी कर्फ्यू के समय को लेकर किया विरोध
इससे पहले चेंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारियों ने भी उदयपुर में नाइट कर्फ्यू के समय को लेकर विरोध किया था। इसके बाद उदयपुर के व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया से भी मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने नाइट कर्फ्यू के समय में परिवर्तन को लेकर ज्ञापन भी दिया। ऐसे में अब देखना होगा सरकार क्या फिर से उदयपुर में नाइट कर्फ्यू के समय में परिवर्तन करती है या नहीं।
उदयपुर में 5 बजे से बाजार बंद, 6 बजे से कर्फ्यू
उदयपुर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बाद सरकार ने आज से 9 शहरों का नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ा दिया है। इसके मुताबिक, उदयपुर में शाम 5 बजे बाजार बंद होंगे और 6 बजे कर्फ्यू लागू हो जाएगा। इसके अलावा, जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और आबू रोड की शहरी सीमा में नाइट कर्फ्यू का समय रात 8 बजे से किया गया है। इसी बात को लेकर कटारिया ने नाराजगी व्यक्त की।
3 दिन में 1276 नए केस मिले, यह जयपुर के बाद दूसरे नंबर पर
उदयपुर में पिछले 3 दिनों में 1267 नए संक्रमित मरीज सामने आ गए हैं। यह राजस्थान में जयपुर के बाद सबसे अधिक हैं। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा उदयपुर में नाइट कर्फ्यू की समय अवधि बढ़ाने की अपील की गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से आदेश जारी कर उदयपुर में शाम 6 बजे से कर्फ्यू लगाया गया था। लेकिन अब इसको लेकर उदयपुर के व्यापारी और भाजपा नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ