शिवपुरी
सवाई माधोपुर कलेक्टर राजेंद्र किशन सिंह से चर्चा करते हुए शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ।चारों तरफ घनी हरी-भरी वादियां, प्राकृतिक झील और निर्झर, वन्य प्राणियों की उछल कूद और और पंछियों की चह चहाअट। इन सबको देख कर लगता है कि पर्यटकों के दृष्टिकोण से शिवपुरी बेहद रमणीय है। यदि इसके लिए सवाई माधोपुर, रणथंबोर, कूनो और शिवपुरी नेशनल पार्क का टूरिज्म सर्किट तैयार किया जाए तो यह शिवपुरी जिले के पर्यटन विकास के दृष्टिकोण से बेहतर साबित होगा। राजस्थान आने वाला पर्यटक भी मध्य प्रदेश की सीमा से सटे इन पर्यटक स्थलों को देखकर प्रफुल्लित होगा। यह बात शिवपुरी नेशनल पार्क और टूरिस्ट स्थलों का भ्रमण करने आए सवाई माधोपुर कलेक्टर राजेंद्र किशन सिंह ने शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह से कही। जिस पर उन्होंने इस योजना पर काम करने की बात कही।
दरअसल जबसे कूनो में चीता और शिवपुरी नेशनल पार्क में टाइगर लाने की कवायद शुरू हुई है तब से जिले के पर्यटन को विकसित करने कई तरह के बिंदुओं पर चर्चा की जा रही है। यही नहीं सवाई माधोपुर कलेक्टर राजेंद्र किशन सिंह इसीलिए शिवपुरी आए, जहां उन्होंने पर्यटक स्थलों को देखकर कहा कि यहां पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं।
शिवपुरी में सिंधिया छत्री, सेलिंग क्लब, नेशनल पार्क, भदैया कुंड, जिला संग्रहालय जैसे स्थलों को देखने के बाद उन्होंने शिवपुरी की पर्यटन विरासत को बेहद सराहा और कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह से सेलिंग क्लब पर हुई चर्चा के दौरान कहा कि यदि सवाई माधोपुर से शिवपुरी और शिवपुरी से फिर ओरछा का टूरिस्ट सर्किट तैयार हो जाए तो फिर शिवपुरी में पर्यटक आना शुरू कर देगा, जो यहां के आर्थिक विकास के दृष्टिकोण से बेहद अहम होगा।
आप सवाई माधोपुर विजिट पर आइए
सवाई माधोपुर कलेक्टर ने जब शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को प्रस्ताव दिया कि वह शिवपुरी से एक प्रतिनिधिमंडल लेकर सवाई माधोपुर आएं। जहां वह वन्य प्राणियों की संपदा और पर्यटक स्थलों को निहारे तो इससे उन्हें शिवपुरी में पर्यटक स्थल को विकसित करने में सुविधा होगी। इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल अब कुछ समय बाद सवाई माधोपुर जाकर रणथंबौर अभ्यारण के आसपास के टूर ऑपरेटरों से चर्चा कर शिवपुरी जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना अनुसार कार्रवाई करेगा।

0 टिप्पणियाँ