शिवपुरी करैरा के आदर्श गांव सिरसौद के वृद्धाश्रम की “अपना घर आश्रम’ संस्था ने जिम्मेदारी संभालने के बाद रविवार को कार्यक्रम आयोजित कर विधिवत शुभारंभ कर दिया है। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के करैरा विधायक प्रागीलाल जाटव भी शामिल हुए। वृद्धाश्रम के लोगों ने बुजुर्गों की खातिर विधायक से आग्रह किया तो विधायक जाटव गुप्त दान की कहकर बात टाल गए और मदद से इनकार कर दिया। लेकिन मंच पर मौजूद जिले के अधिकारियों ने विधायक को टोक दिया और विधायक के संग आए कार्यकर्ता भी कहने लगे।
कार्यक्रम समापन से ठीक पहले अचानक विधायक जाटव माइक पर आए और कहा कि मैं अपनी तरफ (विधायक निधि) से टीनशेड लगवाऊंगा। कार्यकम में अपना घर आश्रम शिवपुरी के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने सिरसौद वृद्धाश्रम के लिए अपनी तरफ से नगद 1 लाख 11 हजार रुपए और 21 क्विंटल चावल देने की घोषणा की है।
वहीं संस्था के वित्त सचिव गोविंद बंसल ने भी 11 हजार रुपए देने की बात कही। अन्य लोग भी मदद के लिए आगे आए। संभवत: दूसरे लोगों द्वारा दिखाई दरियादिली को देखकर विधायक असहत हो गए और आखिरकार मंच पर आकर वृद्धाश्रम में आगे की तरफ टीनशेड लगवाने की घोषणा करनी पड़ी। बता दें कि ग्वालियर के एनजीओ ने सरकार से भुगतान रुकने पर सिरसौद के वृद्धाश्रम का संचालन 1 जुलाई से बंद कर दिया था। तब अपना घर आश्रम संस्था ने आकर जिम्मेदारी संभाली है। खास बात यह है कि वृद्धाश्रम बंद होने की कगार पर था, तब एक भी जनप्रतिनिधि बुजुर्गों की मदद के लिए आगे नहीं आया था।
पहले 7 वृद्धजन थे, वर्तमान में 14 रहने लगे
ग्वालियर के एनजीओ फोरम फॉर इन्वायरमेंट एंड इकोनॉमी डवलपमेंट ने वृद्धाश्रम अपनी तरफ से बंद किया था तब 7 बुजुर्ग रह रहे थे। जब से अपना घर आश्रम ने जिम्मेदारी संभाली है, 14 बुजुर्ग रहने लगे हैं आसपास क्षेत्र से जरूरतमंद सात और बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में पनाह मिल गई है। भविष्य में यदि और बुजुर्ग आते हैं तो उनके लिए भी वृद्धाश्रम के द्वार खुले हैं। क्याें कि अपना घर आश्रम द्वारा जन सहयोग से वृद्धाश्रम संचालित कर रहा है। यदि सरकारी मदद भी नहीं मिली, तो भी वृद्धाश्रम बंद नहीं होगा।
निस्वार्थ काम करने पर ईश्वर क्या-क्या देता है, ये हर कोई नहीं जानता : एसपी
कार्यक्रम में एसपी राजेश सिंह चंदेल ने वृद्धाश्रम की पुनर्स्थापना के लिए अपना घर आश्रम के पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नि:स्वार्थ काम करने पर ईश्वर क्या-क्या देता है, यह हर कोई नहीं जानता। कई बार हादसे में किसी की सेवा की और नहीं बताया कि हम कौन हैं। जीवन में हमें बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद की मदद करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ एचपी वर्मा, जनपद सीईओ करैरा, सिरसौद के सरपंच पति अतरसिंह लोधी आदि मौजूद थे।

0 टिप्पणियाँ