शिवपुरी जिले में प्रयोगशाला सहायक और भृत्य पद 4-4 रिक्त थे। इस वजह से कोरोना की जंग हारे 8 शिक्षकों के परिजनों को प्रयोगशाला सहायक और भृत्य पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। खास बात यह है कि 7 अन्य शिक्षकों का निधन भी कोरोना संक्रमण से हुआ है, लेकिन इन्हें नियुक्ति अब तक इसलिए नहीं मिल सकी क्योंकि जिले में सहायक वर्ग-3 के पद रिक्त ही नहीं है।
ऐसे में अब इन शिक्षकों के परिजनों की अनुकंपा नियुक्ति कब होगी यह तय नहीं है। हालांकि शिक्षा विभाग के अधिकारियों का दावा है कि उन्होंने जिले में पद आवंटन बाबत पत्र राज्य शासन को भेज दिया है, और वहां से मंजूरी आने के बाद ही मृतक परिवार के आश्रितों में से किसी एक को यह नियुक्ति मिल सकेगी।
दरअसल कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को राहत देते हुए सरकार ने घोषणा की थी कि वह इन्हें अविलंब अनुकंपा नियुक्ति देगी। लेकिन जिन कर्मचारियों की अप्रैल में कोरोना से मौत हुई थी उनकी नियुक्ति ही 3 महीने बाद हो सकी। इन्हें नियुक्ति इसलिए मिल सकी क्योंकि जिले में पद रिक्त थे। अब सहायक वर्ग 3 बनने के लिए 7 कोरोना से मृत शिक्षकों के परिजनों ने दावा किया है। पर विभाग अब तक इन पदों पर इन्हें इसलिए नियुक्त नहीं कर सका क्योंकि पदों की स्वीकृति भोपाल से नहीं मिली है।हालांकि इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी दीपक पांडे की मानें तो उन्होंने पद स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा है, वहां से स्वीकृति आते ही इन्हें भी नियुक्त करने की बात वह कह रहे हैं। लेकिन यह उन्हें भी नहीं पता कि यह स्वीकृति कब तक आएगी। ऐसे में परिजनों का आरोप है कि सरकार अनुकंपा नियुक्ति में पूरी संवेदनशीलता का परिचय नहीं दे रही। नहीं तो अभी तक उनकी नियुक्ति हो जाती।
इन चार को मिली प्रयोगशाला सहायक की नियुक्ति
- 1. प्राथमिक विद्यालय लुकवासा में पदस्थ बृजेंद्र सिंह रघुवंशी का 22 अप्रैल 2021 को कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था, इस वजह से उनके पुत्र सुमित रघुवंशी को प्रयोगशाला सहायक के रूप में लुकवासा में पदस्थापना दी गई है।
- 2. शासकीय हाई स्कूल धोलागढ़ में पदस्थ प्राचार्य प्रीति गर्ग का निधन कोरोना संक्रमण से 16 मई 2021 को हो गया था।उनके बेटे वरुण गर्ग को प्रयोगशाला सहायक पद पर शासकीय उमावि सेवड़ा में पदस्थ किया गया है।
- 3. शासकीय स्कूल मढैया में पदस्थ जगदीश प्रजापति की कोरोना संक्रमण से मृत्यु 7 जून 2021 को हो गई थी। उनके बेटे अमित प्रजापति को प्रयोगशाला सहायक के पद पर नरवर नियुक्त किया गया है।
- 4. माध्यमिक विद्यालय राती किरार में पदस्थ शिक्षक संजीव श्रीवास्तव की मृत्यु कोरोना से हो गई थी। उनकी पत्नी श्वेता श्रीवास्तव को प्रयोगशाला सहायक के रूप में मॉडल स्कूल शिवपुरी में नियुक्ति मिली है।
इन चार को मिली भृत्य पद पर नियुक्ति
- 1. प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर बडेरा, पिछोर में पदस्थ शिक्षक सुरेंद्र शर्मा की 14 अप्रैल 2021 को कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। उनके पुत्र जितेंद्र तिवारी को भृत्य पद पर नियुक्ति आदर्श नगर शिवपुरी विद्यालय में मिली है।
- 2. प्राथमिक शिक्षक मुरैनी में पदस्थ शिक्षक अलवर तिर्की की मृत्यु कोरोना से 10 मई 2021 को हो गई।इनकी पत्नी लियोनी तिर्की को भृत्य पद पर नियुक्ति शासकीय उमावि रन्नौद में मिली है।
- 3. हाई स्कूल खरवाया में पदस्थ शिक्षक भवानी शंकर शिवहरे की मृत्यु कोरोना से 4 मई 2021 को हो गई थी। उनकी पत्नी भावना शिवहरे को शासकीय उमावि छर्च में भृत्य पद पर नियुक्ति मिली है।
- 4. रामगढ़ में पदस्थ प्रधान अध्यापक गोपाल सोनी की मृत्यु कोरोना संक्रमण से 29 अप्रैल 2021 को हो गई थी उनके बेटे संजीव सोनी को शासकीय स्कूल खतौरा में भृत्य पद पर पदस्थ किया गया है।
पद स्वीकृत होते ही 7 लोगों को और मिलेगी नियुक्ति
कोविड समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ली गई ऑनलाइन बैठक में जिले के 8 कोरोना से जंग हारे शिक्षकों के परिजनों को प्रयोगशाला सहायक और भृत्य पद पर नियुक्ति दी गई है। 7 शिक्षकों के परिजन ऐसे हैं, जिन्हें नियुक्ति देना शेष है, उनके पद स्वीकृत होते ही उन्हें भी सहायक वर्ग-3 की नियुक्ति मिल जाएगी। -दीपक पांडे,जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी

0 टिप्पणियाँ