पिछोर-चंदेरी रोड पर गजौरा गांव के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चार साल के बेटे व पिता की मौत हो गई है। दरअसल मृतक महेंद्र रजक अपने बेटे के संग ससुराल गया था। रात में बेटा रोने लगा तो बाइक से घर के लिए चल दिया और हादसे का शिकार हो गया।
जानकारी के मुताबिक महेंद्र (35) पुत्र गंगाराम रजक निवासी जराय गुरुवार को अपने बेटे कान्हा रजक (4) के संग ससुराल मुहारीकलां गया था। जबकि उसकी मां जराय गांव ही थी। बताया जा रहा है कि रात में कान्हा रोने लगा तो महेंद्र रात में ही बाइक से चल दिया। पिछोर-चंदेरी रोड पर पिता-पुत्र गजौरा गांव के पास पहुंचे तो पवन राठौर के ढाबे के पास रात करीब 11.30 से 12 बजे के बीच अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घटना स्थल पर ही पिता महेंद्र रजक और बेटा कान्हा रजक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ