Music

BRACKING

Loading...

मप्र में सियासी पारा फिर चढ़ा:शिवराज की अमित शाह से मुलाकात, तुरंत भोपाल लौटे



 भोपाल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। डेढ़ माह बाद हुई इस मुलाकात के बाद एक बार फिर मप्र में सियासी पारा चढ़ गया। क्योंकि एक दिन पहले ही शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री व दमोह से सांसद प्रहलाद पटेल भी शाह से मिले थे। शाह से मुलाकात के तुरंत बाद शिवराज सिंह मप्र लौट आए हैं। दोनों के बीच करीब आधे घंटे बात हुई है। मुख्यमंत्री इससे पहले 16 जून को शाह से मिले थे।

इस मुलाकात के राजनीतिक हलकों में मायने निकाले जा रहे हैं, लेकिन पार्टी के बड़े नेता मुलाकात को सामान्य बता रहे हैं। उन्होंने कर्नाटक जैसे किसी घटनाक्रम से भी इनकार किया है। दिल्ली जाने से पहले सीएम से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा व प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने भी दोपहर 12 बजे मुलाकात की थी।

इस बीच पटेल भी दिल्ली में सक्रिय हैं। शनिवार को पटेल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती से बात की। पटेल एक-दो दिन में केंद्रीय मंत्री व मुरैना से सांसद नरेंद्र सिंह तोमर से भी मिल सकते हैं। इससे पहले भी मेल-मुलाकातों का दौर चला था, तब दिल्ली में कुछ नेताओं के निवास पर हलचल बढ़ गई थी। पटेल के निवास पर वीडी शर्मा और सुहास भगत भी थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मप्र के नेता कैलाश विजयवर्गीय ने भी भोपाल पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री चौहान और प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव से चर्चा की थी। इसके बाद कुछ मंत्रियों के निवास पर भी गए थे। इन मेल-मुलाकातों से निकल रहे मैसेज की सुर्खियां बनीं तो शीर्ष नेतृत्व ने सभी को बुलाकर समझाइश दी थी।

नक्सलवाद-कानून व्यवस्था पर बात

सीएम की शाह के साथ नक्सलवाद, कानून व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों में और सीमावर्ती जिलों में अपराध के साथ सहकारिता के विषयों पर भी बात हुई। सीएम ने शाह को 6 अगस्त को प्रदेश में होने वाले सहकारिता के ई-चिंतन शिविर की भी जानकारी दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ