ग्वालियर दीपावली के बाद से ही शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। सिटी सेंटर और फूलबाग स्थित ऑनलाइन मॉनीटरिंग स्टेशन के आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों स्थानों पर प्रदूषण का स्तर कम होता नहीं दिख रहा। 6 नवंबर को पीएम-10 की तुलना में पीएम-2.5 का स्तर ज्यादा बढ़ा हुआ दर्ज किया गया। पीएम-2.5 मानव स्वास्थ्य के लिए ज्यादा हानिकारक माना जाता है।
शनिवार को पीएम-2.5 का स्तर सिटी सेंटर क्षेत्र में एक समय 500 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा, जबकि मानक अनुसार ये आंकड़ा 60 से अधिक नहीं होना चाहिए। रात्रि 8 बजे तक पीएम-2.5 का औसत स्तर 369 और पीएम-10 का औसत स्तर 238 (निर्धारित मानक -100) माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा। जीवाजी विश्वविद्यालय के डॉ. हरेंद्र शर्मा ने बताया कि सिटी सेंटर क्षेत्र में मॉनीटरिंग स्टेशन जेयू परिसर में है। यहां हरियाली अधिक होने से बाहर की तुलना में तापमान कम रहता है। वर्तमान में तापमान व हवा की गति में कमी के कारण प्रदूषक तत्वों का फैलाव नहीं हो पा रहा है। इससे प्रदूषक तत्वों की मात्रा में वृद्धि देखी गई। प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के अनुसार फूलबाग क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही व पटाखों से एयर क्वालिटी इंडेक्स ज्यादा रहा है।
0 टिप्पणियाँ