ग्वालियर देवउठान एकादशी के साथ ही रविवार से वैवाहिक कार्य शुरू हो गए हैं। पहले ही दिन शहर में कई जगह शादी समारोह आयोजित किए गए। इनसे सड़कों पर ट्रैफिक जाम के हालात रहे। लोगों का कहना है कि इस वर्ष शादियां ज्यादा हैं, फिर भी प्रशासन ने अभी तक ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कोई प्लानिंग नहीं की है। ऐसे में शहर के चौराहों, तिराहों व प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थितियां निर्मित होना निश्चित है।
कोरोना के चलते विगत दो वर्ष से सहालग कोरोना गाइड लाइन से आयोजित हो रहा था, लेकिन इस बार सहालग गाइड लाइन से मुक्त है। इस बार सामान्य से ज्यादा शादी कार्यक्रम हैं, इसके बाद भी पुलिस व प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने व ट्रैफिक नियंत्रित करने का प्लान नहीं बनाया है। एक अनुमान के अनुसार इस साल शहर में 1500 से अधिक शादी समारोह होंगे।
यह है प्रमुख चौराहों की स्थिति: शहर के प्रमुख बाजारों के बीच पड़ने वाले गश्त का ताजिया, इंदरगंज व फूलबाग चौराहा पर स्थिति यह है कि व्यस्ततम समय में इन चौराहों को पार करने में 15-20 मिनट का समय लग रहा है। लश्कर के महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, दौलतगंज, चिटनिस की गोठ, नया बाजार, हेमू कॉलोनी चौराहा, मुरार का सदर बाजार, हजीरा आदि क्षेत्रों में दोपहर व शाम को जाम की स्थिति रोज बन रही है।
इंदरगंज थाने के सामने पूरे गुलंबर पर पार्किंग: इंदरगंज चौकी के सामने 5 रास्ते हैं, जिन पर हर समय ट्रैफिक रहता है। चौकी के सामने स्थित गोलंबर पर पुलिस व वकीलों के वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे ट्रैफिक जाम हो जाता है।
फूलबाग चौराहा पर लेफ्ट टर्न पर एनाउंसमेंट नहीं : फूलबाग से किला गेट की ओर लेफ्ट टर्न पर वाहन पार्क से जाम हो जाता है। यहां लेफ्ट टर्न खाली छोड़ने का एनाउंस शुरू नहीं किया और न लेफ्ट टर्न पर ग्रीन सिग्नल फ्री किया गया।
ग्राहकी में 25 फीसदी का इजाफा
शादियों का सीजन अब चालू हो चुका है। इसी कारण शहर के तीनों बाजारों में पिछले चार दिन से दीपावली जैसी भीड़ है। हजीरा क्षेत्र की तुलना में भीड़ मुरार व बाड़ा क्षेत्र में ज्यादा है। इसी कारण यहां पर रोज दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक जाम जैसे हालात बन रहे हैं। उल्लेखनीय दो साल बाद शादियों पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं है। इसका असर बाजारों में दिखाई दे रहा है। कारोबार अच्छा होने से दुकानदार भी खुश हैं।
नजरबाग मार्केट के अध्यक्ष सुरेश बंसल ने कहा कि शादियों का सीजन चालू होने से पिछले 4-5 दिन से मार्केट में काफी भीड़ है। मार्केट में ग्राहक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। रेडिमेड गारमेंट के थोक कारोबारी विनोद डाबरानी ने कहा, कुछ दिनों में ग्राहकी 25% तक बढ़ी है।
रेडिमेड कपड़ों की कीमतों में 30% तक वृद्धि हुई है पर इसके बाद भी ग्राहकी खूब हो रही है। सोना एवं चांदी व्यवसायी संघ लश्कर सराफा बाजार के अध्यक्ष पुरुषोत्तम जैन ने कहा, अभी अर्जेंट वाले ग्राहक आ रहे हैं। दिसंबर तक ऐसा ही सीजन रहने की उम्मीद है। वहीं बाल विवाह पर निगरानी के लिए जिले में अनुभाग स्तर पर 8 टीम सक्रिय हो गई हैं।
ट्रैफिक के लिए अलग से विभाग बने तभी सुधार संभव है
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए वर्तमान में जो व्यवस्था है वह किसी एक विभाग व अफसर के अधीन न होकर अलग-अलग है, इसीलिए इसके संयुक्त प्रयासों की जरूरत होती है जो इमानदारी से नहीं हो पाते। यदि ट्रैफिक सुधार के लिए एक ही विभाग व अमला बना कर उनके अफसरों व कर्मचारियों को दूसरी जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाए तभी ट्रैफिक में सुधार संभव है। -एसएस शुक्ला, रिटा. एडीजी
0 टिप्पणियाँ