ग्वालियर जो स्वस्थ्य हैं तथा पात्र भी पर वैक्सीनेशन के दूसरे डोज के लिए आनाकानी कर रहे हैं, ऐसे लोगों के साथ और सख्ती होगी। इस बात के संकेत संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना ने रविवार को बैठक में दिए। जेयू के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी घर की घंटी बजाकर वैक्सीनेशन के बारे में दो बार पूछेगा। यदि किसी को वैक्सीन के दोनों डोज नहीं लगे होंगे तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग की टीम को देगा।
यदि कोई वैक्सीन नहीं लगवाएगा तो सफाईकर्मी उसके घर से कचरा उठाना बंंद कर देगा। बीएलओ वोटर लिस्ट को अद्यतन करने भी अब घर-घर जाएंगे। ये भी वैक्सीनेशन के बारे में पूछताछ करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ दिन पहले कंपलीट वैक्सीनेशन के लिए 25 दिसंबर की डेट दी है। आयुक्त ने कहा कि हर घर दस्तक, घर-घर दस्तक अभियान चालू हो चुका है। बैठक में डेंगू की रोकथाम व समग्र स्वच्छता अभियान पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि हर अनुभाग में तीनोंं बिंदुओंं को लेकर अभियान चलाया जाए। बैठक में नहीं पहुंचे 8 वार्ड मॉनिटरों के खिलाफ आयुक्त ने एक्शन लेने की बात कही। आयुक्त ने कहा कि अभियान की समीक्षा अब रोज शाम 6 बजे गूगल मीट से होगी।
वैक्सीनेशन से कोई मुकर नहीं सकता
बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा वैक्सीनेशन हमारी जिम्मेदारी है। इससे कोई भी अधिकारी-कर्मचारी मुकर नहीं सकता है। लोग मेरे धैर्य की परीक्षा न लें। उन्होंने कहा कि रोज 50 हजार टीकाकरण का लक्ष्य तय कर काम किया जाए।
20 वाहनों को दिखाई हरी झण्डी
हर घर दस्तक, घर-घर दस्तक अभियान के लिए 20 प्रचार वाहन तैयार किए गए हैं। इन्हें जेयू परिसर से ही आयुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, निगमायुक्त किशोर कन्याल, एडीएम इच्छित गढ़पाले की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हर घर दस्तक, घर-घर दस्तक अभियान के लिए 20 प्रचार वाहन तैयार किए गए हैं। इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
सख्ती... इससे पहले भी दो और आदेश जारी हो चुके हैं
1. प्रमुख सचिव खाद्य फैज अहमद किदवई 8 नवंबर को आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि राशन लेने के लिए वैक्सीन के दोनों डोज अनिवार्य हैं।
2. जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक आरकेएस धाकड़ ने कहा मंगलवार से ओपीडी में पर्चा बनाते समय यह पूछा जाएगा कि वैक्सीन के दोनों डोज लगे या नहीं?
पहले समझाएं न माने तो कचरा लेना बंद किया जा सकता है
सफाई कर्मी आपकी मदद करता है तो आपको भी उनकी मदद करनी चाहिए। उनकी जान को जोखिम में क्यों डाला जाए। जो पात्र हैं और जानकर वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं, ऐसे लोगों को पहले 1-2 बार समझाएंगे। यदि वे वैक्सीनेशन नहीं कराएंगे तो फिर उनके घर से कचरा लेना भी बंद किया जा सकता है।
-आशीष सक्सेना, प्रशासक एवं संभाग आयुक्त
0 टिप्पणियाँ