ग्वालियर कोविड दौर के 18 माह बाद सोमवार से झांसी मंडल द्वारा संचालित 54 ट्रेनें पुराने नंबर के साथ चलेंगी। फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनाें का किराया भी 30 फीसदी तक कम हो जाएगा। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। मंडल रेल सलाहकार समिति के सदस्य ने यात्री किराए में 11 प्रकार की रियायत देने की मांग की है। कोरोना काल में ट्रेनों को स्पेशल व फेस्टिवल विशेष बनाकर चलाया जा रहा था। इस कारण यात्रियों को 25 से 30 प्रतिशत अधिक किराया देना पड़ रहा था।
कोरोना संक्रमण के चलते रेलवे ने नियमित ट्रेनों का संचालन 25 मार्च 2020 से बंद कर दिया था, जबकि 1 जून 2020 से ट्रेनें स्पेशल नंबर से संचालित की जा रही थीं। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह के अनुसार रेग्यूलर ट्रेन (नियमित) अब पहले की तरह पुराने नंबर के साथ पटरी पर दौड़ेंगी। हालांकि जनरल कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को रिजर्वेशन कराकर ही यात्रा करना होगा।
कोविड से पहले झांसी मंडल से होकर गुजरने वाली दैनिक और साप्ताहिक ट्रेन अलग- अलग दिनों में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या 288 थी, जबकि 52 पैसेंजर ट्रेनें भी चलती थीं। वहीं वर्तमान में 272 मेल एक्सप्रेस और जबकि 24 पैसेंजर चल रही हैं। ग्वालियर से 97 जोड़ी ट्रेनें गुजर रही हैं। नियमित ट्रेनों में रियायत दर वाली टिकट नहीं मिल रही है। यह छूट अभी केवल कैंसर पेशेंट को दी जा रही है।
11 प्रकार की रियायत मिले
ट्रेन में यात्रा करने के लिए आम लोगों को 11 प्रकार की रियायत दी जाती थी, जिसमें की वरिष्ठ नागरिक की छूट सर्व प्रमुख है। साथ ही अन्य रियायतें भी इसी के साथ लागू की जानी चाहिए। जिससे आमजन भारत सरकार की नीति का लाभ उठा सकें।
-वसंत अग्रवाल, सदस्य, मंडल रेल सलाहकार समिति
0 टिप्पणियाँ