शिवपुरी युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निदेशानुसार नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा सम्पूर्ण भारत में 20 अक्टूबर 2021 से 22 जनवरी 2022 तक खण्ड स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिभागिता हेतु निःशुल्क आवेदन पत्र व अन्य जानकारी के लिये नेहरू युवा केन्द्र, अनाज मण्डी के पास आर्य समाज रोड शिवपुरी फोन नं 234305 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
उपनिदेशक श्री जयन्त ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता हेतु आवेदन नेहरू युवा केन्द्र के अलावा सम्बन्धित विकासखण्ड के नेहरू युवा केन्द्र के एनवायसी स्वयं सेवकों से भी उक्त आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते है एवं आवेदन पत्र 15 नवम्बर तक नेहरू युवा केन्द्र शिवपुरी कार्यालय में या सम्बन्धित विकासखण्ड के एनवायसी स्वयंसेवक को जमा करा सकते है। श्री एस.एन.जयन्त ने भाषण प्रतियोगिता में जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभागिता की अपील की है।
उपनिदेशक श्री एस.एन.जयन्त के अनुसार नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा देश के युवाओं मे देश भक्ति की भावना जगाने, सरकार की योजनाओं की जानकारी व युवाओं में नेतृत्व की भावना का विकास करने के साथ उनकी वाकशैली को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने हेतु देश के 623 जिलों के सम्पूर्ण विकासखण्डों में भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। भाषण प्रतियोगिता का विषय देश भक्ति व राष्ट्र निर्माण है।
उपनिदेशक श्री जयन्त के अनुसार उक्त भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागी की आयु 18 से 29 वर्ष की होनी चाहिये व सम्बन्घित जिले में कम से कम 5 वर्ष से निवासी होना चाहिये। इस भाषण प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर चयनित तीन प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मलित किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार पांच हजार रूपये, द्वितीय पुरूस्कार दो हजार रूपये व तृतीय पुरूस्कार एक हजार रूपये का प्रदान किया जाएगा व उनका नाम प्रदेश स्तर पर भी भेजा जाएगा। प्रदेश स्तर पर चयनित विजेता को प्रथम पुरस्कार पच्चीस हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार दस हजार रूपये व तृतीय पुरस्कार पांच हजार रूपये का प्रदान किया जाएगा व उनका नाम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विजेता को प्रथम पुरस्कार दो लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार एक लाख रूपये व तृतीय पुरस्कार पचास हजार रूपये का प्रदान किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ