शिवपुरी के कलेक्टर सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आज मां के साथ आए बेटे ने अनुकंपा नियुक्ति देने में बढ़ती जा रही लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई। जनसुनवाई में पहुंचे अरुण कुमार बौद्ध पुत्र स्वर्गीय वचन लाल जाटव निवासी ग्राम चंदनपुरा ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता प्राथमिक शिक्षक के पद पर प्राथमिक शासकीय विद्यालय विनेगा में पदस्थ थे।
जिनका 16 मई 2021 को कोरोना संक्रमण के चपेट में आने के कारण देहांत हो गया था। पिता के देहांत के बाद उसने तमाम औपचारिकताओं को पूर्ण कर अनुकंपा नियुक्ति के लिए कागजात विभाग में जमा कराए थे। लेकिन 1 साल बीत जाने के बाद भी अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिल सकी है। उसके घर में बुजुर्ग मां और एक बहन भी है। परिवार की माली हालत दिन प्रति दिन खराब होती जा रही है। विभाग में कई चक्कर लगा चुका है जब भी वह जाता है उससे पद रिक्त न होने की बात कहकर भ्रमित कर दिया जाता है।
कलेक्टर के पास रुकी फाइल
अरुण कुमार बौद्ध का कहना है कि उसकी अनुकंपा नियुक्ति की फाइल कलेक्टर कार्यालय में रुकी पड़ी है। फाइल को जिला शिक्षा अधिकारी महोदय कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर चुके हैं। जब भी वह कलेक्टर कार्यालय संपर्क करने जाता है तो उससे रिक्त पद न होने की बात कही जाती है। जिसके चलते उसे मानसिक तनाव से गुजारना पड़ रहा है अगर जल्द ही उसे अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिली तो वह अनुचित कदम उठाने पर मजबूर हो सकता है जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ