शिवपुरी जिले में पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर थम गया है। बारिश थमने से सिंध नदी में बहाव भी कम हो गया है। इस कारण मड़ीखेड़ा बांध के सारे गेट बंद कर दिए हैं। हालांकि 60 मेगावाट बिजली उत्पादन जारी है। बिजली उत्पादन के लिए छोड़े जा रहे पानी की वजह से बांध का जल सतर 344 मीटर के आसपास स्थिर बना हुआ है।
मड़ीखेड़ा बांध का शुक्रवार की देर शाम जल स्तर 344.70 मीटर दर्ज किया गया। बांध को 346.25 मीटर तक भरा जाना है। बारिश का आखिरी दाैर चल रहा है। ऐसे में बांध को पूरा भरने के लिए गेट बंद रखे हैं। इस बीच यदि ठीक ठाक बारिश होती है और सिंध में फिर से बहाव तेज होता है तो ही मड़ीखेड़ा बांध के गेट खोले जा सकते हैं।
प्रभारी ईई मनोहर बोराटे का कहना है कि सिंध में बहाव पहले से कम हो गया है। बिजली उत्पादन जारी रखने से 24 घंटे में बांध का जल स्तर लगभग 5 सेंटीमीटर बढ़ रहा है।
भू-अभिलेख के आंकड़ों पर गौर करें तो तीन दिनों से जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई है। शुक्रवार की सुबह 8 बजे की स्थिति में जिले में कुल 614.96 मिमी औसत बारिश हुई है जो जिले की सामान्य औसत 816.3 मिमी की 75.33% है। यानी अभी लगभग 25% बारिश और होने की स्थिति में सामान्य औसत कोटा पूरा हो सकेगा। वहीं जिला मुख्यालय पर सबसे ज्यादा 115.08% बारिश हो चुकी है। जबकि अन्य आठ तहसीलों में सामान्य कोटा पूरा नहीं हो सका है
शहर में धूप खिली, शाम को पांच मिनिट तेज बारिश
तीन दिनों में कोई बारिश नहीं हुई, लेकिन चौथे दिन शुक्रवार की देर शाम हल्के बादल घिर आने से 5 मिनिट तेज बारिश हुई। इससे पहले सुबह से लेकर दोपहर में हल्के फुल्के बादलों के साथ आसमान लगभग साफ बना रहा। इस दौरान धूप भी खिली रही। ऐसा लग रहा है बारिश का दौर खत्म हो गया है।

0 टिप्पणियाँ