शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ऐनपुरा से बिना बताए घर से लापता हुए एक 9 वर्षीय बालक का शव शुक्रवार को गांव के ही तालाब में मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बालक के शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बालक की तालाब में डूबने से मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी मासूम की मौत से मातम छा गया है।बताया जा रहा है कि मृतक बालक महावीर पुत्र विवेक कुशवाह उम्र 9 वर्ष निवासी ऐनपुरा का गुरुवार की शाम को अपनी नाबालिग बड़ी बहन से खाने को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद महावीर गुस्सा होकर घर से बाहर चला गया था। जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा महावीर को गांव सहित आसपास काफी तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों और पुलिस ने जब तालाब में सर्चिंग की तब बालक का शव तालाब से बरामद हुआ।
बैराड़ थाना प्रभारी नवीन यादव का कहना है कि9 वर्षीय गुमशुदा बालक का शव पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब से बरामद कर लिया।शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग भाई-बहन के बीच खाने को लेकर झगड़े की बात सामने आ रही है।मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ