Music

BRACKING

Loading...

MP : मरीज से मिलने आए रिश्तेदार ने नर्स से की अभद्रता, धमकी देकर अस्पताल से भागा



शिवपुरी  जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में शुक्रवार को एक मरीज से मिलने आए उसके रिश्तेदार ने नर्स से अभद्रता कर दी। नर्स ने मामले की लिखित शिकायत अस्पताल चौकी को दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर जब मामले की जांच शुरू की गई तो अस्पताल में उपचार करा रहा मरीज और अभद्रता करने वाला युवक अस्पताल से भाग गए। पुलिस मामले की जांच और आरोपित की पहचान के प्रयास में लगी हुई है।

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर के ऊपर स्थित वार्ड में खैरू निवासी बैराड़ नामक मरीज भर्ती था। खैरू से मिलने के लिए शुक्रवार को उसका एक रिश्तेदार पहुंचा। तत्समय ड्यूटी पर मौजूद नर्स अनीता सोलंकी मरीज का ट्रीटमेंट कर रही थी। खैरू से मिलने आया उसका रिश्तेदार वहीं पर खड़ा होकर पुड़िया खा रहा था। उक्त युवक ने पुड़िया चबाकर वार्ड में ही थूक दिया। इस पर नर्स ने उक्त्‌ युवक के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। नर्स ने उसे वहां पुड़िया थूकने की मना करते हुए डस्टबिन तक जाने की नसीहत दी। इस पर वह युवक नर्स के साथ अभद्रता करने लगा। उक्त युवक ने नर्स से अभद्रता करते हुए यह भी कहा कि वह तो वहीं थूकेगा, डस्टबिन तक क्यों जाएगा? बात सिर्फ यहीं तक नहीं थमी उसने नर्स के ड्यूटी केबिन में पहुंच कर भी उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे धमकाया। अंततः नर्स ने मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जब चौकी पर मौजूद हेड कांस्टेबल प्रमोद बड़ोनिया मौके पर पहुंचे तो संबंधित युवक वहां से भाग चुका था। पुलिस ने जब उक्त मरीज से संबंधित युवक के संबंध में पूछताछ की तो मरीज का कहना था कि वह उसका रश्तिेदार है, लेकिन फिलहाल उसका नाम उसे पता नहीं है। मरीज ने भरोसा दिलाया कि वह आरोपित का नाम पता करके उन्हें बता देगा। पुलिस के पीठ फेरते ही मरीज भी अस्पताल से भाग खड़ा हुआ। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि नर्स ने फिलहाल शिकायती आवेदन दिया है। हम आवेदन की जांच कर रहे हैं, अगर नर्स एफआईआर करवाना चाहेंगी तो मामले में एफआईआर दर्ज करवा दी जाएगी। आरोपित की पहचान का प्रयास जारी है।

एक बार फिर उठे अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल

अस्पताल की सुरक्षा पर शुक्रवार को एक बार फिर सवालिया निशान लग गए हैं। कुछ दिन पूर्व ही अस्पताल के मेडिकल वार्ड में एक युवक ने दो नर्सों के साथ ड्यूटी के दौरान जमकर मारपीट की थी। आज भी वार्ड में घटना के दौरान दहशत की स्थिती निर्मित हो गई थी। नर्स काफी डरी-सहमी नजर आई। स्टाफ का कहना था कि आरोपित युवक काफी उत्तेजित था और वह किसी भी तरह की घटना को अंजाम दे सकता था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ