कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि शिवपुरी पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण जिला है। शिवपुरी जिले में प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ऐतिहासिक इमारत, वन्य जीव, धार्मिक स्थल एवं अन्य रमणीय पर्यटक स्थल मौजूद हैं। कोरोना काल के बाद आम व्यक्ति अब विभिन्न पर्यटक स्थलों पर अपने परिवार के साथ घूमने के लिए जाता है और होटल, रेस्टोरेंट आदि का उपयोग करता है। घर के बाहर सामान्य तौर पर होटल, लॉज, रिजॉर्ट आदि स्थानों पर पर्यटक रूकते हैं, परन्तु कुछ लोग घर के बाहर घर जैसा वातावरण चाहते हैं, वह स्थानीय निवासियों का रहन-सहन, खान-पान, आचार-विचार एवं संस्कृति से भी परिचित होना चाहते हैं। ऐसे पर्यटकों के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा होमस्टे, ग्रामस्टे एवं फार्मस्टे जैसे योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में 19 अप्रैल को एक कार्यशाला का आयोजन शिवपुरी में एवं 20 अप्रैल को पोहरी में किया जा रहा है। यह आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद शिवपुरी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यशाला आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए डीएटीसीसी के सचिव वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि इस कार्यशाला में जो व्यक्ति अपने घर को होमस्टे का रूप देना चाहते हैं, वह इस कार्यशाला में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सौरभ गौड़ सहायक नोडल अधिकारी डीएटीसीसी मो.न.9425136251 से संपर्क किया जा सकता है।
0 टिप्पणियाँ