वृक्षारोपण का महाअभियान- लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ इंदौर के बिजासन के समक्ष अटल वन में किया वृक्षारोपण
लोकसभा के अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत इंदौर में चल रहे 51 लाख पौधे लगाने के महा अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने इंदौर के बिजासन के समीप अटल वन में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री ओम बिरला ने वृक्षारोपण अभियान को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के दूषपरिणामों का सामना कर रहा है ऐसे वक्त में यह अभियान पर्यावरण अनुकूलता की दिशा में देश और दुनिया को नया दृष्टिकोण देते हुए नई राह दिखायेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान शुरू किया है। इस अभियान को मध्यप्रदेश विशेषकर इंदौर में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यह अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण हमारी संस्कृति, संस्कार एवं अध्यात्म से जुड़ा हुआ है। यह अभियान वर्तमान के साथ भविष्य को भी सुखद बनाने का अभियान होगा। देश और विश्व की पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान का माध्यम भी बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि यह अभियान मानव जीवन को बचाने का बड़ा अभियान है। यह एक अच्छा कार्य है। इस अभियान को निरन्तर आगे बढ़ाते रहना चाहिए। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृगांर है। यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा आधार है। वृक्ष से ही जीवन की निर्भरता है। वृक्ष हमें जीवन बचाने के लिए सब कुछ देता है। हमारा फर्ज बनता है कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाये और वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लें। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए इंदौर में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से जन आंदोलन बन चुका है। राज्य सरकार ने जहां एक ओर साढे 5 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है, वहीं इसमें से इंदौर शहर में ही 51 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, पशुपालन मंत्री श्री लाखन पटेल, सांसद श्री शंकर लालवानी, उत्तरप्रदेश विधान परिषद के सदस्य श्री महेन्द्रसिंह, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर, विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला , श्री मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम में उक्त सभी अतिथियों ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ बिजासन के सामने स्थित अटल वन में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर श्री ओम बिरला ने वृक्षारोपण के ब्रांड एम्बेसेडर श्री विष्णु लांबा और कुमारी प्रसिद्धि का सम्मान भी किया।

0 टिप्पणियाँ