शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए जा रहे पक्के निर्माण को ढहा दिया। एसडीएम मोतीलाल अहिरवार के निर्देश पर तहसीलदार निशा भारद्वाज ने राजस्व टीम, नगर परिषद पोहरी और पुलिस बल के साथ मिलकर ग्राम सोनीपुरा की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई जा रही 8 दुकानों को जमींदोज किया।
यह कार्रवाई मैन रोड से लगी सर्वे क्रमांक 35/365 की 0.07 हेक्टेयर भूमि पर की गई। यहां प्रभु चिडार निवासी पिपरघार द्वारा 10x40 वर्ग फीट की 8 पक्की दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से सभी पक्के निर्माण को ढहा दिया और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्रशासन के अनुसार, इन दुकानों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह जमीन पोहरी-शिवपुरी मैन रोड पर स्थित है, जिसकी बाजार में काफी मांग है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ