Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : डीएड-बीएड और आईटीआई कॉलेजों के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन : शिक्षा में धांधली का लगाया आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर एसडीएम उमेश कौरव को ज्ञापन सौंपा हैं। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने जिले में संचालित डीएड, बीएड और आईटीआई कॉलेजों में हो रही धांधली और शिक्षा के व्यापारीकरण का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन कॉलेजों में छात्रों से मोटी रकम वसूली जा रही है और शिक्षा की गुणवत्ता को नजरअंदाज किया जा रहा है।

शिक्षा के नाम पर चल रहा व्यापार, छात्रों का भविष्य दांव पर -

नगर मंत्री विक्रम गुर्जर ने बताया कि शिवपुरी जिले के अधिकांश विद्यार्थी किसान और मजदूर परिवारों से आते हैं। यहां के कई डीएड, बीएड और आईटीआई कॉलेज शिक्षा के नाम पर व्यापारीकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सनराइज कॉलेज का मामला इसका उदाहरण है। इस कॉलेज ने राजस्थान के बारां जिले के करीब 50 विद्यार्थियों का एडमिशन किया, लेकिन परीक्षा के समय वे सभी गायब हो गए। इस मामले की शिकायत फिजीकल थाने में दर्ज कराई गई है। गुर्जर ने बताया कि कई कॉलेज उत्तर प्रदेश और बिहार के छात्रों को एडमिशन देते हैं और उनसे मोटी फीस वसूलते हैं। वहीं, कई कॉलेज सिर्फ एक-एक कमरे में संचालित हो रहे हैं। इन कॉलेजों में न तो योग्य शिक्षक हैं और न ही शैक्षणिक सुविधाएं। ऐसे कॉलेज धन उगाही के अड्डे बन गए हैं।

एबीवीपी की मांग जांच समिति गठित कर हो कार्रवाई -

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि जिले में संचालित डीएड, बीएड और आईटीआई कॉलेजों की जांच समिति गठित कर कठोर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि शिक्षा के व्यापारीकरण पर लगाम नहीं लगाई गई तो विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। प्रदर्शन में एबीवीपी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ऋषभ रघुवंशी, साइंस कॉलेज अध्यक्ष सूरज गुर्जर, पॉलिटेक्निक कॉलेज अध्यक्ष कपिल गुर्जर, पीयूष शर्मा, देव शर्मा, ज्योतिरादित्य धाकड़, प्रिंस यादव, हर्ष शर्मा, कुलदीप रघुवंशी, रमन शर्मा, और आयुष धाकड़ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ