शिवपुरी में बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कोतवाली पुलिस द्वारा शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात दो स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण फैला रहे डीजे को जब्त कर उनके संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने 20 फरवरी की रात शहर में गश्त के दौरान पोहरी चौराहे स्थित कृष्णा पैलेस के पास तेज आवाज में बज रहे डीजे को जब्त किया। इस मामले में हेमंत जाटव पुत्र श्रीलाल जाटव निवासी काली माता मंदिर के पास, शिवपुरी के खिलाफ धारा 15 म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम एवं 223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने डीजे (इवेंट डीजे) को वाहन क्रमांक एमपी 33 एल 2575 सहित जब्त कर लिया।
इसी प्रकार, महल कॉलोनी रोड पर भी देर रात तेज आवाज में बज रहे डीजे को जब्त किया गया। इस मामले में अमन ओझा पुत्र लखन ओझा निवासी धाकड़ कॉलोनी, मनियर, शिवपुरी के खिलाफ धारा 15 म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम एवं 223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस डीजे (केजी डीजे) को वाहन क्रमांक एमपी 33 जी 1101 सहित जब्त कर लिया।
कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पूर्व में सभी डीजे संचालकों को समय सीमा का पालन करने की हिदायत दी गई थी। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए ऐसे डीजे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे परीक्षार्थियों की पढ़ाई और शहरवासियों की शांति भंग न हो।

0 टिप्पणियाँ