दो लाख की एक किलो अफीम के साथ राजस्थान के दो तस्कर पकडे : शक ना हो इस लिए भेड़ पालक बनकर भेड़ों को रखते थे अपने पास
शिवपुरी जिले की देहात थाना पुलिस ने पिपरसमा अनाज मंडी के पास से राजस्थान के दो अफीम तस्कर गिरफ्तार किए। पुलिस ने आरोपियों के पास दो लाख रूपये के कीमत की एक किलो अफीम बरामद की हैं। पकडे गए आरोपियों भेड़ पालक बनकर अपने साथ भेड़ों को रखकर अफीम बेचने का काम करते थे। जिससे उनकी पहचान नहीं हो सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया हैं।
देहात थाना प्रभारी रत्नेश यादव ने बताया कि मामला सोमवार 19 फरवरी का है, जब थाना देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पिपरसमा अनाज मंडी के पीछे कच्चे रास्ते पर खड़े होकर अफीम बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालूराम पुत्र कानाराम रईका (45 वर्ष) एवं कोजाराम पुत्र स्व. गूदड़राम उर्फ गिरधारी रईका (62 वर्ष), निवासी राइकों का बास वस्सी, पाली, राजस्थान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1 किलो अफीम कीमत लगभग 2 लाख रुपये बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

0 टिप्पणियाँ