शिवपुरी । जिले की खनियाधाना पुलिस ने अवैध शराब बेचने की योजना बना रहे दो व्यक्तियों में से एक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 पेटी देशी शराब और एक बाइक जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपये आंकी गई है।
खनियाधाना थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रमपुरा तिराहा पर शराब की पेटियां रखकर बाइक से कहीं बेचने के लिए खड़े हैं। इस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, जिनमें से एक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम प्रमोद पुत्र नंदराम यादव (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम पहाड़पुर अछरौनी, थाना खनियाधाना बताया। वहीं, फरार आरोपी की पहचान कृष्णा यादव पुत्र जगतसिंह यादव, निवासी ग्राम पहाड़पुर अछरौनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन प्लास्टिक के काले कट्टों में 10 पेटी देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹50,000 है। इसके अलावा, एक बाइक (MP 33 ZC 1337), जिसकी कीमत करीब ₹80,000 है, भी जब्त की गई।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है वहीं दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ