Music

BRACKING

Loading...

MP NEWS : राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए : विधायक श्री सबनानी



 दक्षिण पश्चिम भोपाल विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि लोकतंत्र की जीवंतता के लिए वैचारिक विविधता आवश्यक है, परंतु क्षेत्रीय दलों की सक्रियता और उनकी भूमिका सदैव राष्ट्रहित की परिधि में पल्लवित होनी चाहिए। संसदीय कार्य विभाग के तत्वावधान में संचालित पंडित कुंजीलाल दुबे राष्ट्रीय संसदीय विद्यापीठ, भोपाल द्वारा 'क्या संसदीय लोकतंत्र में क्षेत्रीय दलों की बढ़ती भूमिका राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा है?' विषय पर विश्वविद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यापीठ के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने संसदीय लोकतंत्र के विभिन्न आयामों पर प्रखरता से अपने विचार साझा किए।

विधायक श्री सबनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में संवैधानिक मूल्यों के प्रति चेतना जाग्रत करने का सशक्त माध्यम हैं।विशिष्ट अतिथि के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. देव आनंद हिंडोलिया एवं संसदीय कार्य विभाग के अपर सचिव श्री राजेश गुप्ता उपस्थित रहे।अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. देव आनंद हिंडोलिया ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र के सजग प्रहरी बनने हेतु प्रेरित किया।

बौद्धिक विमर्श में प्रदेश के 17 प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के 33 प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने सारगर्भित तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्राध्यापक डॉ. अखिलेश शर्मा और सेवानिवृत्त अपर सचिव श्री पुनीत श्रीवास्तव और वरिष्ठ पत्रकार श्री संजय दुबे सम्मिलित रहे। विद्यापीठ के उप संचालक श्री एम.के. राजोरिया ने सभी आगंतुकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

पक्ष में निम्न सहभागियों ने जीते पुरस्कार

विषय के पक्ष में उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल की छात्रा सुश्री अनियरा शर्मा (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 9,000 रुपये की पुरस्कार राशि अर्जित की। इसी क्रम में, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भोपाल की सुश्री रौनक पांचाल (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए 7,500 रुपये का पुरस्कार जीता, जागरण लेक सिटी यूनिवर्सिटी, भोपाल की सुश्री ईशा मिश्रा (बी.बी.ए. अंतिम वर्ष) को तृतीय स्थान के साथ 6,000 रुपये की राशि प्रदान की गई। संत हिरदाराम कन्या महाविद्यालय की सुश्री प्रिंसी पहलवानी (बी.कॉम. चतुर्थ वर्ष) को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 3,000 रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार से विभूषित किया गया।

विपक्ष में इन्होंने की सफलता अर्जित

विषय के विपक्ष में बी.एस.एस.एस. कॉलेज, भोपाल की सुश्री विधि शुक्ला (बी.ए. छठा सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान के साथ 9,000 रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। सेज यूनिवर्सिटी की सुश्री आयोली बाजपेयी (एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त की। प्रतियोगिता में तृतीय स्थान जागरण लेक सिटी यूनिवर्सिटी की सुश्री मेघा नाथानी (बी.बी.ए. अंतिम वर्ष) ने प्राप्त किया, जिन्हें 6,000 रुपये प्रदान किए गए। साथ ही, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की कार्तिका यादव (बी.ए. तृतीय वर्ष) को 3,000 रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ