शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना अंतर्गत ग्राम खरई में दबंगों द्वारा एक ही परिवार पर दो बार जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से युवकों को पीटा और फिर रात के समय घर में घुसकर पथराव व लूटपाट की। घटना में गंभीर रूप से घायल दो सगे भाइयों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पीड़ित महिला विमला राठौर पत्नी हरविलास राठौर ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि 22 मार्च की शाम करीब 7 बजे गांव के ही कन्हैया, कल्लू और राजू राठौर ने उनके बेटों विनोद और हरभजन तथा नाती अभिषेक व आशीष को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने लोहे के सरियों और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में हरभजन के सिर में 12 टांके और विनोद के सिर में 6 टांके आए हैं। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया है।
शिकायत के अनुसार, पहली घटना के बाद रात करीब 9 बजे आरोपी पक्ष के पुरुष और महिलाएं (सुनीता, कविता, ज्योति, नेहा व अन्य रिश्तेदार) एकराय होकर प्रार्थिया के घर पहुंचे। आरोपियों ने घर पर पथराव किया और घर के बाहर खड़े टेंपो के कांच फोड़ दिए। विरोध करने पर वृद्ध ससुर बद्री राठौर के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों में शामिल नेहा राठौर ने बहू मिथलेश के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और पूरे परिवार को जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भाग गए।
पीड़ित परिवार का कहना है कि रात में घटना की सूचना तत्काल तेंदुआ थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। आरोपियों के खुलेआम घूमने से परिवार दहशत में है। विमला राठौर ने आज सोमवार की दोपहर 2 बजे एसपी से गुहार लगाई है कि आरोपियों के विरुद्ध लूट और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए और परिवार की जान-माल की रक्षा की जाए।

0 टिप्पणियाँ