शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गौदोली से एक बेहद गंभीर और उलझा हुआ मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता अपने पुत्र की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए पिछले 24 दिनों से इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस नामजद शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गौदोली निवासी सभाराम शाक्य का पुत्र मंगल शाक्य 21 अप्रैल 2026 की रात 8 बजे भागीरथ और सभाराम के खेत के पास बने नाले में मृत अवस्था में मिला था। पिता सभाराम का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुँचे, तो वहाँ गब्बर आदिवासी और दो अन्य लोग शव के पास खड़े थे, जिन्होंने परिजनों को शव के पास जाने से रोका था।
हैरान कर देने वाली बात यह है कि पीड़ित पिता ने अपने ही दूसरे पुत्र लक्ष्मण शाक्य, मेला आदिवासी, करुआ आदिवासी और गब्बर आदिवासी सहित 6 लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। सभाराम का कहना है कि मृतक मंगल का मोबाइल और रस्सी भी लक्ष्मण शाक्य के पास से मिली थी। पिता का दावा है कि लक्ष्मण अब उन्हें सरेआम धमकी दे रहा है कि उसने ही हत्या की है और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
एक नाम की FIR होगी - थाना प्रभारी का कथित जवाब
पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे 14 मई को बैराड़ थाने पहुँचे थे, जहाँ थाना प्रभारी ने उनसे कहा कि केवल एक व्यक्ति के नाम पर एफआईआर दर्ज होगी। जबकि परिजन घटना में शामिल सभी 6 आरोपियों पर मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न किए जाने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे अब परिवार को जान से मारने या गांव से बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं।
सीएम हेल्पलाइन और एसपी ऑफिस तक पहुँचा मामला
न्याय न मिलने पर सभाराम शाक्य ने 5 मई को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन दिया और सीएम हेल्पलाइन (नंबर 38152112) पर भी शिकायत दर्ज कराई। लेकिन आज दिनांक तक एफआईआर दर्ज न होने के कारण पीड़ित परिवार गुरुवार को पुनः एसपी कार्यालय पहुँचा। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए और उनके परिवार को जान-माल की सुरक्षा प्रदान की जाए।

0 टिप्पणियाँ