शिवपुरी शहर के फतेहपुर चौराहे पर कार चालक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कोतवाली में ही पदस्थ दो आरक्षकों समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं एफआईआर दर्ज होने के बाद पीड़ित युवक ने एसपी ऑफिस पहुंचकर आरोप लगाया है कि आरोपी पुलिसकर्मी उसे झूठे मामले में फंसाने की साजिश रच रहे हैं। मामले को लेकर युवक ने सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
फतेहपुर मास्टर कॉलोनी निवासी हिमांशु उर्फ मानू बेड़िया ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 11 मई की रात वह अर्टिगा कार से घर लौट रहा था। फतेहपुर चौराहे पर पानी लेने के लिए रुका तभी वहां मौजूद सुमित सेंगर, छोटे चौहान और संजय लोधी ने उसे रोक लिया। युवक का आरोप है कि खुद को पुलिस स्टाफ बताकर उससे गाड़ी को लेकर विवाद किया गया और 5 हजार रुपए के चालान की बात कही गई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित के मुताबिक बाद में बुलाए गए छोटू यादव ने बीयर की बोतल उसके सिर में मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना में अन्य दो अज्ञात युवकों द्वारा भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घायल युवक को बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कोतवाली पुलिस ने बुधवार दोपहर कोतवाली में पदस्थ सुमित सेंगर, प्रधान आरक्षक छोटे चौहान, संजय लोधी, छोटू यादव और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि सुमित सेंगर और छोटे चौहान कोतवाली में पदस्थ आरक्षक हैं।
वहीं एफआईआर दर्ज होने के बाद हिमांशु बेड़िया ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के चलते आरोपी पुलिसकर्मी उसे झूठे मामले में फंसाने की साजिश कर रहे हैं। युवक ने आवेदन में कहा है कि उसे प्रताड़ना और अन्याय से बचाया जाए।

0 टिप्पणियाँ