Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : शिवपुरी: CM राइज स्कूल प्राचार्य के घर से 1 करोड़ की चोरी, खिड़की तोड़कर ले गए सोना-चांदी और कैश

शिवपुरी। बदरवास कस्बे में शुक्रवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। CM राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता के घर से अज्ञात बदमाश करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए। वार्ड क्रमांक 8 निवासी महेंद्र कुमार गुप्ता शुक्रवार रात पत्नी गिरजा गुप्ता, बेटे हर्षित और बहू पूनम के साथ घर में सो रहे थे। रात 10 बजे खाना खाने के बाद सभी अपने कमरों में सो गए। शनिवार सुबह 5 बजे उठने पर सामने के दोनों कमरों के दरवाजे अंदर से बंद मिले। बालकनी से देखने पर किचन की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। चोर घर के पीछे से खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी से करीब आधा किलो सोने के जेवर जिसकी कीमत 80 लाख, 4 किलो चांदी के जेवर 10-15 लाख और 10 लाख रुपए कैश चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में 16 अंगूठियां, 12 टोप्स, 4 मंगलसूत्र, 1 हार, 4 चूड़ियां, 4 चैन, 20 जोड़ी पायल, 2 कमरपेटा समेत अन्य जेवर शामिल हैं। जांच में पता चला कि घर के CCTV कैमरे वारदात से 24 घंटे पहले ही बंद हो गए थे। पुलिस को घर के पीछे दो बीघा जमीन के पास एक सीढ़ी भी मिली है। आशंका है कि चोरों ने पहले रेकी की थी। महेंद्र गुप्ता शनिवार सुबह बेटे हर्षित के साथ थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना पर बदरवास पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।  महेंद्र गुप्ता शासकीय शिक्षक हैं। उनके परिवार में एक बेटा-बहू डॉक्टर, दूसरा बेटा इंजीनियर और उसकी पत्नी बैंक में कार्यरत हैं। इस बड़ी चोरी के बाद कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ