शिवपुरी/बैराड़: शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के उमरी गांव में शनिवार सुबह एक तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुएं से बाहर आते ही तेंदुए ने वहां मौजूद भीड़ पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले और भगदड़ में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बछड़े के शिकार के दौरान कुएं में गिरा था तेंदुआ
मिली जानकारी के अनुसार, उमरी गांव के पास एक तेंदुआ गाय के बछड़े का शिकार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह एक गहरे कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों ने जब सुबह कुएं में तेंदुए को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
रेस्क्यू के बाद अचानक भड़का तेंदुआ
वन विभाग की टीम स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की मशक्कत कर रही थी। जैसे ही तेंदुए को कुएं से बाहर निकाला गया, वह हिंसक हो गया और उसने सामने दिख रही भीड़ पर छलांग लगा दी। तेंदुए के इस हमले में भिलौड़ी निवासी 59 वर्षीय मोहन सिंह यादव और 35 वर्षीय बुद्धा मोगिया घायल हो गए। वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
रेंजर ने क्षेत्र विवाद के कारण जताई अनभिज्ञता
इस पूरी घटना पर जब पोहरी रेंजर श्रुति राठौर से बात की गई, तो उन्होंने मामले की आधिकारिक जानकारी होने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस उमरी गांव में यह घटना हुई है, वह वन क्षेत्र दरअसल श्योपुर जिले की बेहरदा बीट के अंतर्गत आता है, जिसके कारण पोहरी वन क्षेत्र को इसकी आधिकारिक सूचना नहीं थी।

0 टिप्पणियाँ