शिवपुरी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार को एक महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दीपक परिहार के अनुसार, आरोपी महिला ने नगरपालिका की फर्जी रसीद दिखाकर पीड़ितों का विश्वास जीता। इसके बाद उसने फोन-पे नंबर 8269859417 पर रकम डलवा ली। महिला ने दीपक की मामी नीतू परिहार से 50 हजार, जीजा नरेश परिहार से 10 हजार और करैरा निवासी रिश्तेदार पूर्वी परिहार से 65 हजार रुपए लिए। किसी भी पीड़ित को आवास आवंटित नहीं हुआ।
जब पीड़ित आरोपी महिला द्वारा दी गई रसीद लेकर शिवपुरी नगरपालिका पहुंचे, तो पता चला कि नगरपालिका ने ऐसी कोई रसीद जारी ही नहीं की थी। इसके बाद पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अन्य पीड़ितों का भी पता लगाया जा रहा है।
नोट: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले http://pmaymis.gov.in पर या सीधे नगरपालिका में जानकारी वेरिफाई करें। संदिग्ध लेन-देन पर 1930 पर शिकायत करें।

0 टिप्पणियाँ