Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : सड़क पार कर रहे मजदूर को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के रातिकिरार गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मजदूरी के लिए जा रहे युवक को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। ट्रैक्टर का टायर युवक के ऊपर से गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक दीनू कुशवाह पुत्र विजय सिंह कुशवाह उम्र 30 साल निवासी मंशापूर्ण हाल निवासी बचौरा सेंटिंग का काम करता था। बुधवार दोपहर वह अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मजदूरी करने जा रहा था। इसी दौरान रातिकिरार गांव के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया।


बताया जा रहा है कि दीनू ट्रॉली से नीचे उतरकर सड़क पार करने लगा। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में दीनू नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


बताया गया है कि मृतक की पत्नी करीब दो साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसका मायका करैरा तहसील क्षेत्र में बताया जा रहा है। दीनू मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ