शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील की रहने वाली दीक्षा जाटव मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां उसने अपने पति रविन्द्र जाटव और उसकी सहेली पूजा को परेशान न किए जाने की मांग की। दीक्षा ने बताया कि उसकी पहचान रविन्द्र जाटव से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में उन्होंने अपनी मर्जी से ग्वालियर में कोर्ट मैरिज कर ली।
दीक्षा जाटव पुत्री कैलाश जाटव निवासी ग्राम नॉद थाना पिछोर ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि उसने अपने परिवार से रविन्द्र जाटव निवासी ग्राम घटवरा से शादी करने की बात कही थी, लेकिन परिजनों ने विरोध किया और उसे डराने-धमकाने लगे। इसके बाद वह घर छोड़कर रविन्द्र के साथ चली गई और 4 मई 2026 को ग्वालियर में कोर्ट मैरिज कर ली।
दीक्षा का आरोप है कि उसके परिजन अशोक जाटव, कैलाश जाटव, रामकुमार जाटव और श्रीराम जाटव लगातार उसके पति के परिवार और रिश्तेदारों को परेशान कर रहे हैं। वह बार-बार ग्राम घटवरा पहुंचकर दबाव बना रहे हैं। दीक्षा ने कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से घर छोड़कर आई है।
एसपी ऑफिस पहुंची दीक्षा ने अपनी सहेली पूजा का बचाव करते हुए कहा कि उसके घर वाले पूजा पर गलत आरोप लगा रहे हैं कि उसी ने उसे भगाने में मदद की। साथ ही यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि वह घर से पैसे और जेवर लेकर पूजा को दे गई है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। दीक्षा ने साफ कहा कि वह घर से कोई नकदी या जेवरात लेकर नहीं आई थी और न ही उसने अपनी सहेली को कुछ दिया है।
दीक्षा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसके पति रविन्द्र जाटव, उसके परिवार और उसकी सहेली पूजा को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

0 टिप्पणियाँ