रीवा में सड़क दुर्घटना में दो जैन साध्वियों की मौत के विरोध में सोमवार को शिवपुरी में सकल जैन समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विशाल मौन रैली निकालकर रोष व्यक्त किया। रैली के बाद एडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोषी कार चालक पर सख्त कार्रवाई और जैन संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जानकारी के अनुसार, 20 मई को रीवा में कार चालक राशिद अली शाह ने सड़क किनारे पैदल चल रही दो जैन साध्वियों को टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल दोनों आर्यिका माताजी का उसी दिन निधन हो गया। इस घटना से देशभर के जैन समाज में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
शिवपुरी में मौन रैली शुरू होने से पहले जैन छतरी मंदिर पर विनयांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान परम पूज्य मुनि श्री गुरुदत्त सागर जी महाराज ने कहा कि जैन साधु-संतों की सुरक्षा केवल सरकार की ही नहीं बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निभाता तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष टीम गठित करने की आवश्यकता बताई।
सभा में हिंदू संत रविदास जी महाराज, तेजमल सांखला, महेंद्र जैन रावत, संजीव जैन बाँझल, महेंद्र जैन भैयन सहित सांगानेर से आए जैन विद्वान पंडित संजीव जैन ललितपुर ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद जैन समाज और विभिन्न संगठनों के लोग मौन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां एडीएम दिनेश शुक्ला को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन पंडित संजीव जैन ने किया। रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में सकल जैन समाज महापंचायत, राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन, राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ, विश्व जैन संगठन, पुलक चेतना मंच, सौभाग्य संस्कार संगठन, स्यादवाद युवा क्लब, वात्सल्य समूह, जैन मिलन और महिला जैन मंडलों सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ