शिवपुरी शहर में कथित रूप से खराब पनीर खाने से एक परिवार के तीन सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। मामले में पीड़ित परिवार ने सोमवार को पनीर का पैकेट और बची हुई सब्जी साथ लेकर कलेक्टर कार्यालय, खाद्य विभाग और कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुरानी शिवपुरी निवासी आशिफ खान ने बताया कि उन्होंने 21 मई को महल रोड स्थित स्मार्ट बाजार से फ्रेश पनीर का पैकेट खरीदा था। घर पर उसी पनीर की सब्जी बनाई गई। सब्जी खाने के कुछ समय बाद आशिफ खान और उनके दो बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। तीनों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
परिजनों ने तत्काल उपचार कराया, जिसके बाद हालत में सुधार हुआ। आशिफ खान का आरोप है कि बाजार से खरीदा गया पनीर खराब था, जिसकी वजह से फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति बनी।
पीड़ित आशिफ खान ने प्रशासन से मांग की है कि पनीर और सब्जी के सैंपल की जांच कराई जाए। यदि पनीर खराब पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल खाद्य विभाग द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।

0 टिप्पणियाँ