Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : आईपीएल सट्टा और स्मैक के खिलाफ शिवपुरी में प्रदर्शन, एसपी को सौंपा ज्ञापन


शिवपुरी में लगातार बढ़ रहे आईपीएल सट्टे और स्मैक के कारोबार के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस नेताओं, भीम आर्मी, सामाजिक संगठनों और रावत समाज के लोगों ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आईपीएल सट्टे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और स्मैक कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जिले में आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सट्टे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कई परिवार आर्थिक संकट में फंस चुके हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सट्टे के दबाव में कई लोग आत्महत्या और संदिग्ध मौतों का शिकार हो चुके हैं।

इसमें बदरवास निवासी संदीप सोनी, ग्राम सिंहनिवास निवासी रूपसिंह रावत और दिनारा निवासी अमन भार्गव के मामलों का उल्लेख किया गया।

जिले में स्मैक का नशा भी तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन आईपीएल सट्टा और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाए तथा शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग हेल्पलाइन नंबर जारी करे।

रैली में पहुंचे कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि पुलिस छोटे स्तर के लोगों को पकड़ती है, लेकिन इस काले कारोबार के बड़े संचालकों तक नहीं पहुंच पाती। उन्होंने कहा कि चेन सिस्टम के जरिए बड़े आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं रावत समाज की ओर से यशपाल रावत ने कहा कि समाज के कुछ युवा स्मैक बेचने के काम में शामिल हैं, जिनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज ऐसे लोगों की सूची बनाकर पुलिस को भी सौंपेगा ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई हो सके।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने सट्टा और नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में आमजन और सामाजिक संगठनों के सहयोग की भी आवश्यकता रहेगी। आप सभी तैयार रहना।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ