शिवपुरी: कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सराफा बाजार में एक ज्वेलर्स की दुकान पर बेहद शातिराना तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। दो शातिर चोरों ने दुकान में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और बेहद चालाकी से दुकानदार को अपनी बातों में उलझाकर सोने की असली बाली पार कर दी। हैरानी की बात यह रही कि चोर वारदात को छिपाने के लिए सोने की बाली की जगह हूबहू दिखने वाली पीतल की बाली रख गए, जिसके कारण दुकानदार को पूरे 11 दिनों तक चोरी का अहसास ही नहीं हुआ। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
बातों में उलझाया और बदल दी बाली
जानकारी के अनुसार, सराफा बाजार स्थित 'कनक ज्वेलर्स' के संचालक विष्णु सोनी ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि बीते 1 जून को दो युवक उनकी दुकान पर ग्राहक बनकर आए थे। दोनों ने सोने की बाली दिखाने को कहा। इस दौरान दुकानदार ने उनके सामने बालियों से भरी ट्रे रख दी।
तभी योजना के मुताबिक, एक युवक दुकानदार को लगातार बातचीत में उलझाए रहा और उसका ध्यान भटकाता रहा। इसी बीच, दूसरे युवक ने मौका पाकर ट्रे में रखी सोने की असली बाली चुपके से निकाल ली। चोरी पकड़ी न जाए, इसके लिए आरोपी ने तुरंत अपनी जेब से पीतल की नकली बाली निकालकर ठीक उसी जगह रख दी, ताकि पहली नजर में किसी को कोई शक न हो। इसके बाद दोनों युवक बड़े आराम से दुकान से चले गए।
11 दिन बाद ऐसे खुला राज
इस शातिराना चोरी का खुलासा गुरुवार को तब हुआ, जब दुकान पर एक अन्य ग्राहक आया। दुकानदार ने जब उसे बाली दिखाने के लिए वही ट्रे निकाली, तो ट्रे में रखी एक बाली पर उसे कुछ संदेह हुआ। जब बाली की बारीकी से जांच की गई, तो वह पीतल की निकली
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत: होश उड़ने के बाद दुकानदार ने तुरंत 1 जून के पुराने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज देखते ही दोनों युवकों की पूरी करतूत सामने आ गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक युवक दुकानदार का ध्यान भटका रहा है और दूसरा युवक बड़ी सफाई से सोने की बाली निकालकर उसकी जगह पीतल की बाली रख रहा है। पीड़ित ज्वेलर्स की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

0 टिप्पणियाँ