![]() |
| फोटो |
शिवपुरी। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निर्वाचन आयोग द्वारा निरस्त किए जाने और भाजपा उम्मीदवार महेश केवट को निर्विरोध राज्यसभा भेजे जाने के विरोध में शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आज शिवपुरी के मुख्य माधव चौक पर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर निर्वाचन आयोग का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
"भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा आयोग"
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग पूरी तरह से भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। हर चुनाव में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के बाद अब राज्यसभा चुनाव में भी सरेआम पक्षपात किया गया है।
युवा नेताओं ने कहा कि बिना किसी ठोस जांच-परख के कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है और यह लोकतंत्र की हत्या है। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

0 टिप्पणियाँ