शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के सईसपुरा में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पानी से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर एक मकान पर पलट गया। हादसे में मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और दीवार गिरने से घर में मौजूद 80 वर्षीय अकबरी बाई घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एक ट्रैक्टर पानी से भरे टैंकर को लेकर सईसपुरा क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में पड़ी रेत और ईंटों पर टैंकर का पहिया चढ़ गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और टैंकर पलटकर पास के एक मकान पर जा गिरा।
टैंकर के मकान पर गिरते ही घर की एक दीवार ढह गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से 80 वर्षीय अकबरी बाई घायल हो गईं। हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में मकान को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

0 टिप्पणियाँ