शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम अगर्रा में मंगलवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक दिन का नवजात शिशु झाड़ियों में लावारिस हालत में मिला। सुबह करीब 6 बजे झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोहरी में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार गांव की एक महिला ने सबसे पहले झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो एक नवजात शिशु झाड़ियों में पड़ा हुआ था। महिला ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और अन्य ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम नवजात को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोहरी पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने बच्चे को फीडिंग कराई और प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के अनुसार नवजात फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ है।मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन को भी दे दी गई है। बेहतर चिकित्सा और आगे की देखरेख के लिए नवजात को जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है।पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को झाड़ियों में कौन छोड़कर गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ