ग्वालियर। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही संपर्क क्रांति ट्रेन में दो युवतियों से एसी कंडक्टर पप्पू मिश्रा और टीटीई रंजीत कुमार द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवतियों ने जबलपुर रेल मंडल डीआरएम के टि्वटर अकाउंट पर घटना का वीडियो ट्वीट करके इसकी शिकायत की। पीड़ित युवतियों की शिकायत पर डीआरएम ने घटना की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। वहीं इस घटना की शिकायत युवतियों ने ग्वालियर जीआरपी से की, जिसके बाद दोनों कर्मचारियों पर छेड़खानी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया। कटनी से रेल कर्मचारी की परिचित दो युवतियां ग्वालियर तक की यात्रा के लिए ट्रेन में सवार हुईं थीं। एसी कोच में कंडक्टर पप्पू मिश्रा और स्लीपर कोच के टीटीई रंजीत कुमार की ड्यूटी ट्रेन में थी। इन्हें सुरक्षित यात्रा कराने ग्वालियर रेलवे स्टेशन के डिप्टी एसएस शर्मा ने जबलपुर कंट्रोल रूम को सूचना दी। दोनों युवतियों को एसी 2 में बुलाने के लिए कोच कंडक्टर ने टीटीई को उनके पास भेजा, जिसके बाद वह वहां आ गईं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवतियों के मुताबिक दोनों कर्मचारियों ने पहले तो उनके साथ अभद्रता की फिर छेड़खानी शुरू कर दी।
जांच कमेटी लेगी बयान-
रेलवे ने घटना की जांच के लिए कमेटी बनाई है, वह शुक्रवार को दोनों पक्षों के बयान ले सकती है। ट्रेन गुरुवार सुबह निजामुद्दीन पहंुची, जो शुक्रवार सुबह जबलपुर पहुंचेगी। इसके बाद दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक ग्वालियर के डिप्टी एसएस के भी बयान दर्ज होंगे। वहीं युवतियों के बयान लेने के लिए मंडल की एक टीम ग्वालियर भी जाएगी। इसके बाद ही यह तय होगा कि कर्मचारियों ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ की या फिर हंगामे की कोई दूसरी वजह थी।
इनका कहना है
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में घटना की जानकारी लगते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

0 टिप्पणियाँ