Music

BRACKING

Loading...

शौर्यादल योजनांतर्गत विकासखण्ड स्तरीय कार्यशाला, सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन ।

शौर्यादल योजनांतर्गत विकासखण्ड स्तरीय कार्यशाला, सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन 
दतिया | 27-फरवरी-2019 महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शौर्यादल योजनांतर्गत विकासखण्ड स्तरीय कार्यशाला, सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मी विवाह वाटिका राजघाट तिराहा दतिया में किया गया। जिसमें दतिया विकास खंड की तीनों परियोजनाओं से शौर्यादल सदस्य उपस्थित रहे। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के पुलिस अधीक्षक प्रतिनिधि टी.आई श्री शेर सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष श्रीमती उषा निरंजन, सदस्य सी.डब्ल्यू.सी. श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी, श्रीमती कृष्णा कुशवाहा, रिसोर्स पर्सन के रूप में सुश्री शाहजहाँ कुरैशी एवं पर्यवेक्षक श्रीमती कमला साहू उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अरविन्द उपाध्याय ने की।
     कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। अतिथितियों के स्वागत के पश्चात् कार्यक्रम का संचालन कर रहें श्री धीर सिंह कुशवाह द्वारा कार्यक्रम की रूप रेखा प्रस्तुत की गई। जिसके पश्चात मास्टर ट्रेनर के रूप में सुश्री शाहजहाँ कुरैशी द्वारा शौर्यादलों के गठन की आवश्यकता, स्वरूप एवं उद्देश्यों पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुये बताया गया कि आज के समय में महिलाओं पर अत्याचार व हिंसा होती है तो कई बार ऐसी घटनायें घर के अंदर ही दब कर रह जातीं हैं। शौर्यादल के माध्यम से ऐसी महिलाओं को सहायता उपलब्ध करायी जा सकती है। इसी क्रम में श्रीमती कमला साहू ने शौर्यादलों द्वारा किये जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक प्रतिनिधि टी.आई श्री शेर सिंह द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि शौर्यादल हिंसा व अत्याचार से पीड़ित महिलाओं को सहायता पहुँचाकर समाज की बेहतरी के लिये कार्य कर रहे हैं, और इस सराहनीय कार्य में पुलिस विभाग से जो भी सहयोग अपेक्षित है वह प्रदान करने के लिये हम सहर्ष तैयार हैं।
    कार्यक्रम के अंत में 26 जनवरी 2019 गणतंत्र दिवस परेड में प्रस्तुती देने वाले शौर्यादल सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रसश्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा गया कि समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों जैसे बाल विवाह, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा आदि का उन्मूलन करने की मंशा से शासन द्वारा प्रदेश में शौर्यादलों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि शौर्यादल सदस्य जिस तरह निःस्वार्थ भाव से समाज के विभिन्न क्षेत्रों की बेहतरी के लिये कार्य करते हैं, वह अद्वितीय है। जिस के लिये सभी सदस्य प्रशंसा के पात्र हैं।
   कार्यक्रम में शौर्यादल सदस्यों द्वारा किये गये सराहनीय कार्यों को सफलता की कहानी के रूप में उपस्थित सदस्यों को बताया गया। जिससे अन्य सदस्य भी प्रेरित हो सकें। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ