Music

BRACKING

Loading...

जबलपुर कूडाकलां गोली कांड के आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार करो नहीं तो आंदोलन: संजय यादव कांग्रेस विधायक



 भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भेजे गए जबलपुर विधायक संजय यादव के बयान में कहा गया है कि यदि पुलिस ने कूडाकलां गोली कांड के आरोपी भाजपा नेता एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष गोलू सिंह को गिरफ्तार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी जबलपुर की सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करेगी। श्री यादव ने बताया कि गोलू सिंह बरगी विधानसभा की पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता प्रतिभा सिंह के बेटे हैं, इसलिए सरकार का संरक्षण प्राप्त है और पुलिस आदतन अपराधी होने के बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं करती है।


जबलपुर के विधायक संजय यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि गोलू सिंह जो कि वर्तमान में जनपद अध्यक्ष है, पर कई थानों में अनेक प्रकरण दर्ज है व वह आदतन अपराधी है और अवैध वसूली, अवैध रेत उत्खनन, शराब, जुआ, सट्टा आदि के अवैध कारोबार में लिप्त है। भाजपा सरकार गोलू सिंह को संरक्षण दे रही है, जिसके चलते पुलिस गोलू सिंह की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। 

विधायक संजय यादव ने कहा कि बरगी की पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह ने 11 जून को धारा 144 का उल्लंघन कर गोलू सिंह व उसके 200 साथियों के साथ हथियारों से लैस 60 गाडियों में सवार होकर क्षेत्र में अवैध वसूली करने के उद्देश्य से आतंक फैलाया और पुलिस मूकदर्शन बनी रही। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आते ही क्षेत्र में ग्रामीणों पर गोलियां चलाई जा रही है। अवैध रेत उत्खनन और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है, गुंडागर्दी कर अराजकता फैलायी जा रही है। 


श्री यादव ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश के डीजीपी से मांग की है कि वे जबलपुर जिले के बेलखेड़ा के ग्राम कूडाकलां गांव में घटित हुई घटना को संज्ञान में लेते हुए गोलू सिंह एवं साथियों के खिलाफ कार्यवाही करने और उसे तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश पुलिस प्रशासन को दें, ताकि क्षेत्र के लोग भयमुक्त हो सके। उन्होंने कहा कि गोलूसिंह की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ