Music

BRACKING

Loading...

पुष्य नक्षत्र में शुरू होगा नया साल, बनेंगे खरीदारी के योग



 भोपाल साल 2021 की शुरुआत पुष्य नक्षत्र के साथ होगी। यानी नए साल के आगाज के साथ खरीदारी के शुभ योग बनेंगे। साल 2020 कोरोना संक्रमण के प्रकोप के कारण साल सभी के लिए समस्याओं से घिरा हुआ रहा। स्वास्थ्य के साथ-साथ व्यापार हो या नौकरी, सभी जगह हानि हुई है। अब इस साल के सोलह दिन शेष रह गए हैं, लेकिन ये साल अच्छे योग के साथ खत्म होने जा रहा है। नया साल भी उस ही शुभ योग के साथ शुरू हो रहा है। 31 दिसंबर की शाम सात बजे से गुरु पुष्य नक्षत्र शुरू हो जाएगा, जो एक जनवरी की रात आठ बजे तक रहेगा। ज्योतिषाचार्य पंडित जगदीश शर्मा ने बताया कि गुरु पुष्य नक्षत्र श्रेष्ठ होता है। इस दिन स्वर्ण आभूषण या किसी अन्य वस्तु की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। लोग नए साल की खुशियां सोने-चांदी व अन्य सामग्री खरीदकर मना सकेंगे।

दिसंबर में चार दिन सर्वार्थसिद्धि योग

22, 24, 25 व 28 दिसंबर को सर्वार्थसिद्धि का योग रहेगा। यह शुभ कार्यों के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। इस शुभ योग में व्यापार शुरू करने, घर खरीदने, शुभ कार्य करने, संस्कार सहित अन्य में लाभ की प्राप्ति होती है। 28 दिसंबर को सर्वार्थसिद्धि के साथ अमृतसिद्धि योग भी रहेगा जो और भी अच्छा है। कल 15 दिसंबर से मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त समाप्त हो रहे हैं। मंगलवार से गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं हो सकेंगे। 11 दिसंबर से विवाहों के शुभ मुहूत भी समाप्त हो गए हैं। अब चार महीने बाद विवाहों के व मांगलिक कार्य कराने के शुभ मुहूर्त शुरू हो सकेंगे। पंडित सतीश शर्मा ने बताया कि पुष्य नक्षत्र से शुरुआत होना साल 2021 के लिए अच्छा रहेगा। आगामी साल में कोरोना नियंत्रण रहेगा। व्यापार को गति मिलेगी। साथ ही नौकरियों के द्वार खुलेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ