इंदौर, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) की परीक्षा का सोमवार को अंतिम दिन है। देशभर के केंद्रों के साथ ही इंदौर के 10 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर दो बजे से परीक्षा शुरू हो गई है। इस दिन बिजनेस इकोनॉमिक्स एंड बिजनेस कमर्शियल नॉलेज का पेपर है। परीक्षा शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा शहर के दस केंद्र पर हो रही है, जिसमें करीब 800 विद्यार्थी शामिल हुए है।
फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा के परिणाम आइसीएआइ चार जनवरी को दोपहर 4.30 बजे घोषित करेगा। आइसीएआइ ने 2021 में होने वाली परीक्षाओं की तारीख भी घोषित कर दी है। परीक्षा 27 जनवरी से शुरू होगी, जो सात फरवरी तक जारी रहेगी। नवंबर 2020 में जो विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे पाएं थे वे भी इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
सीए फाइनल की 21 और इंटरमीडिएट की परीक्षा 22 जनवरी से होगी
जनवरी से होने जा रही परीक्षाओं में इंटरमीडिएट ओल्ड और न्यू कोर्स की ग्रुप एक की परीक्षा 22, 24, 27 और 29 जनवरी को होगी। वहीं ग्रुप दो की परीक्षा एक, तीन और पांच फरवरी को आयोजित होगी। न्यू कोर्स के तहत् सात फरवरी को इंटरमीडिएट कोर्स की अतिरिक्त परीक्षा ली जाएगी। सीए फाइनल परीक्षा में ओल्ड और न्यू सिलेबस की ग्रुप एक की परीक्षा 21, 23, 25 और 28 जनवरी को होगी। ग्रुप दो की 30 जनवरी और दो, चार और छह फरवरी को होगी। आइसीएआइ इंदौर ब्रांच के चेयरमैन हर्ष फिरोदा का कहना है कि कोरोना महामारी के कारण शहर में परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले तक तीन से चार केंद्र हुआ करते थे अब दस परीक्षा केंद्रों पर इसे आयोजित किया जा रहा है। जनवरी 2021 से होने वाली परीक्षाओं में भी कोरोना गाइडलाइन का ध्यान रखते हुए परीक्षा आयोजित की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ